पाक क्रिकेट टीम आईसीसी टी20 विश्व कप फाइनल में बड़े सपने लेकर उतरी थी। टीम को अपने दूसरे टी20 विश्व कप खिताब का इन्तजार था जो इस वर्ष तो अधूरा ही रह गया। इंग्लैंड की टीम ने पाक को फाइनल में महज 137 रन पर रख दिया था। इसके बाद 19 ओवर में 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर ट्रॉफी अपने नाम कर ली। इस मैच के दौरान पाक की टीम को एक बड़ा झटका लगा।
मेलबर्न में रविवार को खेले गए आईसीसी टी20 विश्व कप फाइनल में शाहीन शाह अफरीदी गेंदबाजी के दौरान कठिनाई में नजर आए थे। इस मुकाबले में वह महज 2.1 ओवर ही गेंदबाजी कर पाए थे। चोटिल होने की वजह से अपना कोटा भी पूरा नहीं कर पाए। अंतिम के ओवरों में वह मैदान पर उपस्थित नहीं थे और उनकी चोट इस समय पाक की चिंता बढ़ाने वाली है। समाचार है कि टी20 विश्व कप में चोट से उबरकर वापसी करने वाले शाहीन अगले कुछ महीनों के लिए क्रिकेट से दूर हो सकते हैं। जानकारी के अनुसार वह आनें वाले इंग्लैंड और फिर न्यूजीलैंड सीरीज का हिस्सा नहीं होंगे।