पंजाब विधानसभा चुनावों की सभी 117 सीटों पर मतदान की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। प्रदेश में वैसे तो सभी सीटों पर कद्दावर नेता चुनाव लड़ रहे हैं, लेकिन इस बार अमृतसर ईस्ट सबसे ज्यादा चर्चित है। इस सीट पर कांग्रेस पार्टी नेता नवजोत सिंह सिद्धू (Navjot Singh Sidhu) और अकाली नेता बिक्रम सिंह मजीठिया (Bikram Singh Majithia) के बीच कड़ी भिड़न्त देखने को मिल रही है। चुनाव प्रचार के दौरान दोनों नेताओं ने एक दूसरे पर जमकर हमले किए।
वोटिंग के दौरान रविवार को जब दोनों नेता एक दूसरे के आमने सामने आए तो मजीठिया ने हाथ जोड़कर सिद्धू को बुलाया। हालांकि सिद्धू ने इस पर कोई खास प्रतिक्रिया नहीं दी। जब इन दोनों नेताओं की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुई तो मजीठिया ने इस बात की पुष्टि की। बिक्रम सिंह मजीठिया ने कहा कि वे और नवजोत सिंह सिद्धू एक दूसरे के आमने सामने आए थे। उन्होंने सिद्धू का अभिवादन किया और हालचाल पूछा।
हालांकि इस दौरान भी मजीठिया ने सिद्धू पर निशाना साधा और कहा कि, “मुझे देखकर सिद्धू साहब बौखला जाते हैं। मैं आशा करता हूं कि सिद्धू अपना वोट मुझे डालेंगे क्योंकि वह अपना वोट स्वयं को देकर खूह में नहीं फेंकेंगे।” बिक्रम सिंह मजीठिया ने कहा कि यदि सिद्धू ने इतने वर्ष हल्के में कोई विकास किया होता तो उन्हें अपने प्रचार के लिए चरणजीत सिंह चन्नी और बाकी लोगों को बुलाने की आवश्यकता नहीं पड़ती।”
उल्लेखनीय है कि इस बार प्रदेश में कांग्रेस पार्टी, अकाली दल के अलावा आम आदमी पार्टी भी चुनावी मैदान में हैं और तीनों के बीच कड़ी भिड़न्त देखने को मिल रही है। वही कैप्टन अमरिंरेट सिंह की पार्टी पंजाब लोग कांग्रेस पार्टी भी बीजेपी के साथ चुनावी मैदान में है और इससे यह मुकाबला काफी रोचक हो गया है।