अयोध्या में 22 जनवरी को रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा होगी। इससे पहले उद्धव ठाकरे ने मांग की है कि अयोध्या में राम मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा कराई जाए क्योंकि यह ‘राष्ट्र के गौरव और राष्ट्र के स्वाभिमान’ का मुद्दा है। शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के प्रमुख उद्धव ठाकरे ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बोला कि वह राष्ट्रपति मुर्मू को नासिक स्थित कालाराम मंदिर में भी आमंत्रित करेंगे। उन्होंने यह भी बोला कि राम मंदिर का निर्माण उनके पिता का सपना था। अयोध्या में 22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के दिन ठाकरे कालाराम मंदिर में दर्शन करेंगे।
उद्धव ठाकरे ने पहले घोषणा की थी कि वह 22 जनवरी को अपनी पार्टी के नेताओं और पदाधिकारियों के साथ नासिक स्थित प्रतिष्ठित कालाराम मंदिर जाएंगे और गोदावरी नदी के तट पर ‘महा आरती’ करेंगे। इसके एक दिन बाद यानी 23 जनवरी को नासिक में पदाधिकारियों के एक सम्मेलन का भी आयोजन होगा जहां ठाकरे एक रैली को भी संबोधित करेंगे। अयोध्या राम मंदिर पर उद्धव ठाकरे ने आगे बोला कि राम मंदिर का निर्माण मेरे पिता का भी सपना था। यह खुशी का क्षण है कि आज मंदिर का निर्माण हो रहा है। हम 22 जनवरी को गोदावरी नदी के तट पर आरती करेंगे।