पूर्वी राजस्थान की राजनीति का यदि कोई केंद्र है तो वह है दौसा। और इस बार भी यह सीट पूर्वी राजस्थान की सबसे हॉट सीट कही जा रही है। यहां दो सियासी क्षत्रपों, कैबिनेट मंत्री और भाजपा नेता डाक्टर किरोड़ीलाल मीणा और कांग्रेस पार्टी के दिग्गज नेता सचिन पायलट की साख दांव पर लगी है। कांग्रेस पार्टी के मुरारीलाल मीणा पार्टी में सचिन पायलट खेमे के सिपहसालार माने जाते हैं। वहीं, भाजपा के उम्मीदवार कन्हैयालाल मीणा बस्सी से चार बार विधानसभा में पहुंच चुके हैं और वे मंत्री भी रहे हैं। मुरारीलाल मीणा भी दौसा से तीन बार जबकि एक बार बांदीकुई से विधायक रहे हैं।
खास बात यह है कि दोनों ही लोकसभा का चुनाव पहली बार लड़ रहे हैं। इससे पहले 2019 में कांग्रेस पार्टी के टिकट पर मुरारीलाल मीणा की पत्नी सविता मीणा ने चुनाव लड़ा था और भाजपा की जसकौर मीणा से हार गई थीं। इस बार भाजपा ने जसकौर के बजाय कन्हैयालाल मीणा पर दांव खेला है।