अगरतला: त्रिपुरा विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने दोबारा बेहतरीन जीत दर्ज की थी. हालाँकि, चुनाव नतीजे आने के बाद से मुख्यमंत्री पद के लिए संशय बना हुआ था. मगर, अब यह संशय समाप्त हो गया है. चिकित्सक माणिक साहा एक बार फिर त्रिपुरा के सीएम के रूप में शपथ ग्रहण करेंगे. सोमवार (6 फरवरी) हुई विधायक दल की बैठक में यह फैसला लिया गया.
दरअसल, त्रिपुरा विधानसभा चुनाव के नतीजे 1 मार्च 2023 को घोषित किए गए थे. इसके दो दिन बाद यानी 3 मार्च को माणिक साहा ने अपना इस्तीफा गवर्नर को सौंप दिया था. इसके बाद से एक तरफ जहाँ सीएम पद के लिए पूर्व सीएम बिपल्ब कुमार देब का नाम सामने आ रहा था. वहीं दूसरी तरफ राजनीतिक गलियारों में प्रतिमा भौमिक के नाम की भी चर्चा चल रही थी. मगर, विधायक दल की बैठक बल में माणिक साहा के नाम पर मुहर लगाई गई. बता दें कि त्रिपुरा में शपथ ग्रहण कार्यक्रम होली के दिन यानी बुधवार (8 मार्च) को आयोजित किया गया है. शपथ कार्यक्रम में पीएम नरेंद्र मोदी से लेकर गृह मंत्री अमित शाह बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित कई कद्दावर नेता पहुँच सकते हैं. इसके साथ ही, बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के पहुँचने का भी अनुमान है.
बता दें कि त्रिपुरा विधानसभा चुनाव के 16 फरवरी को वोट डाले गए थे, जिसके नतीजे 1 मार्च को सामने आए. इसमें त्रिपुरा विधानसभा की 60 सीटों में से 32 सीटें हासिल करते हुए बीजेपी ने साफ बहुत प्राप्त किया था. इतना ही नहीं, बीजेपी के सहयोगी दल इंडिजिनस पीपुल्स फ्रंट ऑफ त्रिपुरा (IPFT) को एक सीट पर जीत मिली थी. वहीं, वशंज प्रद्योत किशोर देबबर्मा की पार्टी टिपरा मोथा पार्टी (TPM) को 13 और कम्युनिस्ट-कांग्रेस गठबंधन ने 14 सीटें मिली थीं.