बहुजन समाज पार्टी (BSP) ने शुक्रवार को लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Elections 2024) के लिए वाराणसी और फिरोजाबाद में अपने उम्मीदवारों को बदलते हुए अपनी छठी सूची जारी कर 11 उम्मीदवारों के नाम घोषित किये. बीएसपी ने शुक्रवार को एक बयान में यह जानकारी दी. बीएसपी ने वाराणसी में पीएम और बीजेपी (भाजपा) के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी के विरुद्ध पूर्व में घोषित उम्मीदवार अतहर जमाल लारी (Athar Jamal Lari) को बदल कर सैयद नेयाज अली (मंजू भाई) (Syed Neyaz Ali) का नाम घोषित किया है.
पार्टी ने फिरोजाबाद में पूर्व मंत्री चौधरी बशीर को उम्मीदवार बनाया है, जबकि इसके पहले यहां सत्येंद्र जैन सौली को प्रत्याशी घोषित किया गया था. बीएसपी ने हरदोई (आरक्षित) लोकसभा क्षेत्र में अपने विधान परिषद सदस्य भीमराव आंबेडकर को मौका दिया है. पार्टी द्वारा जारी सूची के अनुसार, मोहम्मद आलम को संत कबीर नगर लोकसभा सीट से, जबकि मनीष सिंह सचान को फतेहपुर सीट से मैदान में उतारा गया है.