गांधीनगर. केंद्रीय गृह मंत्री और बीजेपी के कद्दावर नेता अमित शाह ने शुक्रवार को लोकसभा चुनाव के लिए गांधीनगर सीट से अपना नामांकन दाखिल किया. इस दौरान उनके साथ गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल भी उपस्थित रहे.
गांधीनगर में 7 मई को वोटिंग होनी है. नामांकन दाखिल करने के बाद गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, “आज मैंने गांधीनगर सीट से अपना नामांकन दाखिल कर दिया है. यह मेरे लिए गर्व की बात है कि इस सीट का अगुवाई लालकृष्ण आडवाणी, अटल बिहारी वाजपेयी ने किया और जिस सीट से पीएम नरेंद्र मोदी स्वयं मतदाता हैं. उसी सीट से बीजेपी ने अगुवाई करने का मुझे मौका दिया है. मैं इस सीट से 30 वर्ष तक विधायक, सांसद रहा हूं. यहां से मैं एक बूथ कार्यकर्ता से संसद तक पहुंचा हूं. इस क्षेत्र की जनता ने अपार प्रेम मुझे दिया है.”