Jaipur News: राजस्थान भाजपा में जिला अध्यक्षों के लिए कुछ दिन और प्रतीक्षा करना पड़ेगा। पहले सभी मंडल अध्यक्षों के नाम घोषित किए जाएंगे और इसके बाद जिला अध्यक्षों का चुनाव होगा। अभी 50 फीसदी मंडल अध्यक्ष भी नहीं चुने गए हैं, ऐसे में जिला अध्यक्षों की सूची चार-पांच दिन बाद ही आ पाएगी। इस हफ्ते के आखिर में प्रदेश भाजपा जिला अध्यक्षों की सूची आ सकती है।
संगठन चुनाव में लेटलतीफ साबित हो रही है प्रदेश बीजेपी। भाजपा में मंडल अध्यक्ष के चुनाव नहीं हो पाए हैं, ऐसे में जिला अध्यक्षों की सूची के लिए करना पड़ सकता है इंतजार। राजस्थान भाजपा के नेता पचास फीसदी मंडल अध्यक्षों की घोषणा को आधार मानकर ही जिला अध्यक्षों की सूची जारी करने वाले थे।
इस बीच संगठन चुनाव की समीक्षा करने जयपुर आए पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने चुनाव लेट लतीफी पर डांट लगाई। साथ ही दो टूक शब्दों में बोला कि पहले मंडल चुनाव कराएं। बीएल संतोष ने जिला चुनाव प्रभारियों से मंडल अध्यक्षों की घोषणा के लिए समय पूछा तो उन्होंने दो से पांच दिन का समय मांग लिया।
ऐसे में यह तय है कि भाजपा जिला अध्यक्षों की सूची के लिए और प्रतीक्षा करना पड़ सकता है। इस हिसाब से कयास लगाए जा रहे हैं कि भाजपा जिला अध्यक्षों की सूची इस हफ्ते के आखिर तक आ सकती है। राजस्थान भाजपा में 1135 मंडल है, जिनमें अब तक 513 मंडल अध्यक्षों की घोषणा की जा चुकी है।
हालांकि ये आंकड़ा भी पचास फीसदी के क्राइटेरिया को पूरा नहीं कर रहा है। इधर राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने दो टूक शब्दों में सभी मंडलों के चुनाव होने पर जिला अध्यक्षों के चुनाव कराने के लिए ताकीद किया। ऐसे में प्रश्न यह भी उठ रहा है कि पिछले एक महीने में 1135 मंडल अध्यक्षों में से 513 मंडल अध्यक्ष ही घोषित हो पाए हैं, वहीं चार पांच दिनों में 620 मंडल अध्यक्ष कैसे घोषित किए जा सकेंगे।
जानकारी के मुताबिक प्रदेश के एक दर्जन जिलों में सौ-फीसदी मंडलों में अध्यक्षों की सूची तैयार है। बीएल संतोष से संवाद के दौरान जिला चुनाव प्रभारियों ने यह जानकारी दी कि वो अपने सभी मंडल अध्यक्षों की सूची प्रदेश नेतृत्व को सौंप चुके हैं। बावजूद इसके अभी तक उनकी घोषणा नहीं की जा रही है। बीएल संतोष ने इस ढिलाई को गंभीरता से लेकर जल्द से जल्द मंडल अध्यक्षों की घोषणा करने के निर्देश दिए।