हैदराबाद के सांसद और एआईएमआईएम (AIMIM) के चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने रविवार को फिर से दावा किया है कि उन्होंने तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव से कहा है कि उन पार्टियों को लेकर ‘थर्ड फ्रंट’ बनाएं, जो विपक्षी दलों के इंडिया ब्लॉक में शामिल नहीं हैं। उनके मुताबिक इसपर फैसला केसीआर को लेना है।
इसके साथ ही इंडिया ब्लॉक की ओर से उन्हें नहीं बुलाए जाने को लेकर भी उन्होंने कहा है कि उन्हें इसकी परवाह नहीं है। पूरे देश में अपनी पार्टी का धीरे-धीरे विस्तार करने में जुटे ओवैसी इससे पहले भी केसीआर को एनडीए और इंडिया ब्लॉक से अलग एक ‘तीसरा मोर्चा’ बनाने का सुझाव दे चुके हैं।
नहीं बुलाए जाने की परवाह नहीं- ओवैसी न्यूज एजेंसी एएनआई से एआईएमआईएम प्रमुख ने इंडिया ब्लॉक की ओर से नहीं बुलाए जाने को लेकर कहा है, ‘मुझे नहीं बुलाए जाने की परवाह नहीं है। बीएसपी प्रमुख मायावती, तेलंगाना सीएम के चंद्रशेखर राव और पूर्वोत्तर और महाराष्ट्र की भी कई छोटी पार्टियां भी इस गठबंधन की सदस्य नहीं है…. ‘
उस खालीपन को आईएनडीआई एलांयस नहीं भर पा रहा- ओवैसी ओवैसी बोले कि ‘मैंने तेलंगाना के सीएम केसीआर से कहा है कि आगे बढ़ें और कई छोटी पार्टियों को लेकर एक थर्ड फ्रंट बनाएं। एक राजनीतिक शून्यता है, जो तभी भर सकती है, जब केसीआर लीड करें। जिस खालीपन को आईएनडीआई एलांयस (INDI Alliance) नहीं भर पा रहा है।’ ओवैसी पिछले महीने भी दावा कर चुके हैं कि ऐसी पार्टियां हैं, जो केसीआर के आगे बढ़ने पर तीसरे मोर्चे में शामिल होने को तैयार बैठी हैं।
इंडिया ब्लॉक पर वारिस पठान लगा चुके हैं आरोप इससे पहले ओवैसी की पार्टी के नेता वारिस पठान कह चुके हैं कि इंडिया ब्लॉक में शामिल ‘तथाकथित’ सेक्युलर पार्टियां उनके साथ ‘राजनीतिक अछूत’ की तरह बर्ताव कर रहे हैं। उन्होंने कहा था, ‘तथाकथित सेक्युलर पार्टियों ने हमें नहीं बुलाया, हम उनके लिए राजनीतिक अछूत हैं। कई ऐसे नेता हैं, जिनमें नीतीश कुमार, उद्धव ठाकरे और महबूबा मुफ्ती हैं, जो पहले भारतीय जनता पार्टी के साथ रह चुके हैं….हमने देखा कि अरविंद केजरीवाल गुजरात विधानसभा चुनावों के दौरान कांग्रेस को गाली दे रहे थे, लेकिन वे भी बेंगलुरू में बैठे हैं….2024 में हम बीजेपी को हराने के लिए कोशिशें भी कर रहे हैं, लेकिन वे (विपक्षी गठबंधन) असदुद्दीन ओवैसी और हमारी पार्टी को नजरअंदाज कर रहे हैं। ‘