नई दिल्ली, 27 जून: राष्ट्रपति चुनाव (Presidential Election 2022 ) में एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा का समर्थन करने का ऐलान किया है। असदुद्दीन ओवैसी ने ट्वीट कर इस बात की घोषणा की है। ओवैसी ने बताया कि राष्ट्रपति चुनाव में एआईएमआईएम के विधायक विपक्षी दल के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को वोट देंगे।
असदुद्दीन ओवैसी ने अपने ट्वीट में लिखा कि विपक्षी दल के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को एआईएमआईएम विधायक राष्ट्रपति चुनाव में वोट देंगे। यशवंत सिन्हा ने मुझसे पहले भी कॉल पर बात की थी। बता दें कि 21 जून को विपक्षी दल की एक बड़ी बैठक में राष्ट्रपति चुनाव के लिए संयुक्त रूप से यशवंत सिन्हा के नाम का ऐलान किया गया था।
टीआरएस ने भी किया समर्थन
वहीं उम्मीदवार बनाए जाने के बाद से ही यशवंत सिन्हा अपने समर्थन के लिए कई पार्टियों से बातचीत कर रहे हैं। इससे पहले सोमवार को तेलंगाना के सीएम केसीआर के नेतृत्व वाली पार्टी तेलंगाना राष्ट्र समिति ने उनको समर्थन देने का ऐलान किया था।
यशवंत सिन्हा ने किया नामांकन दाखिल
बता दें कि विपक्ष के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा ने अपना नामांकन दाखिल किया था। मीडिया से बात करते हुए विपक्ष के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा ने कहा कि ये बहुत महत्वपूर्ण है कि राष्ट्रपति भवन में वैसा ही व्यक्ति जाए जो इन जिम्मेदारियों को निभा सके। अगर कोई ऐसा व्यक्ति जाता है जो सरकार के कब्जे में है। उसकी हिम्मत ही नहीं होगी कि वो सलाह भी दे। फिर इस पद का कोई फायदा नहीं बचेगा।