चंडीगढ़. विधानसभा चुनाव में बीजेपी को तीसरी बार जबरदस्त जीत दिलाने वाली हरियाणा प्रदेश की जनता का आभार जताने सीएम नायब सिंह सैनी सभी 90 विधानसभाओं में धन्यवादी दौरा करेंगे. प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहनलाल बडौली ने प्रदेश प्रभारी डाक्टर सतीश पूनिया, संगठन मंत्री फणींद्र नाथ शर्मा और पार्टी के महामंत्रियों से विचार-विमर्श कर पूरे कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार कर ली है.
मुख्यमंत्री का धन्यवादी दौरा 18 दिसंबर से पंचकूला से प्रारम्भ होगा.
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने सीएम के धन्यवादी दौरा के सफल संयोजन के लिए संयोजक भी नियुक्त कर दिए हैं.
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि सीएम नायब सिंह सैनी 18 दिसंबर से अपना धन्यवादी दौरा प्रारम्भ करेंगे. सीएम 18 दिसंबर को सायं 3 बजे पंचकूला के कालका पहुंचेंगे और कार्यकर्ताओं तथा जनता का आभार जताएंगे. इसी तरह 19 दिसंबर को सीएम कैथल जिला के पुण्डरी विधानसभा में सायं 3 बजे पहुंचेंगे.
बड़ौली ने कहा कि सीएम का 22 दिसंबर को हिसार के उकलाना में 2 बजे कार्यक्रम होगा. 23 दिसंबर को सीएम नायब सिंह सैनी सुबह 11 बजे करनाल की इंद्री विधानसभा और कुरूक्षेत्र की पेहवा विधानसभा में 2 बजे पहुंचकर जनता का धन्यवाद करेंगे.
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि सीएम नायब सिंह सैनी का 25 दिसंबर को रेवाड़ी के कोसली विधानसभा में कार्यक्रम होगा. इसी तरह 26 दिसंबर को सीएम के दो कार्यक्रम होंगे.
मुख्यमंत्री पहले 11 बजे करनाल की असंध विधानसभा तथा 2 बजे गुरुग्राम की सोहना विधानसभा में पहुंचेंगे और कार्यकर्ताओं और लोगों से मिलकर आभार प्रकट करेंगे.
बड़ौली ने कहा कि 27 दिसंबर को सीएम सुबह 11 बजे हिसार की नलवा और 2 बजे महेंद्रगढ़ विधानसभा में धन्यवादी दौरा करेंगे. उन्होंने कहा कि 29 दिसंबर को सीएम जींद की नरवाना विधानसभा में पहुंचेंगे और कार्यकर्ताओं तथा आम जनता का भारतीय जनता की तीसरी बार गवर्नमेंट बनाने पर धन्यवाद करेंगे.
भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी अरविंद सैनी ने कहा कि सीएम सभी 90 विधानसभाओं में जनता का आभार जताने के लिए धन्यवादी दौरा करेंगे. अरविंद सैनी ने कहा कि अभी सीएम के 11 विधानसभाओं के कार्यक्रम तय हुए हैं, शीघ्र ही बाकी विधानसभाओं के कार्यक्रम भी तय कर लिए जाएंगे. सैनी ने कहा कि बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने सीएम के धन्यवादी दौरों को लेकर विधानसभा मुताबिक संयोजक नियुक्त किए हैं.
अरविंद सैनी ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने विधायक शक्ति रानी शर्मा को कालका विधानसभा, विधायक सतपाल जांबा को पुंडरी, पूर्व विधायक अनूप धानक को उकलाना, विधायक राम कुमार कश्यप को इंद्री विधानसभा संयोजक नियुक्त किया है.
सैनी ने कहा कि जयभगवान शर्मा को पेहवा, अनिल डहीना को कोसली, विधायक योगेंद्र राणा को असंध, विधायक तेजपाल तंवर को सोहना, विधायक रणधीर पनिहार को नलवा, विधायक कंवर सिंह यादव को महेंद्रगढ़ और कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी को नरवाना विधानसभा का संयोजक नियुक्त किया है.