देश की राजधानी दिल्ली में शनिवार को एक तरफ विधानसभा चुनाव की काउंटिंग चल रही थी तो दूसरी तरफ महानगर के रोहिणी क्षेत्र में बखेड़ा खड़ा हो गया। संदिग्ध ब्लैक बॉक्स मिलने से स्थानीय लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। लोग इस बात को लेकर खौफ में आ गए कि आखिरकार इस बॉक्स में क्या है? स्थानीय लोगों को लगा कि इसमें बम तो नहीं है। लोगों ने इसकी सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दी। इसके बाद मौके पर पुलिस की टीम बॉम डिस्पोजल की टीम पहुंच गई। बाद में पुलिस की ओर से क्लियरेंस मिलने के बाद हालात सामान्य हुए।
जानकारी के अनुसार, शनिवार को दोपहर बाद 1:28 बजे पुलिस के बाद टेलीफोन कॉल आया। कॉल करने वाले ने कहा कि प्रशांत विहार में एक संदिग्ध ब्लैक बॉक्स पड़ा हुआ है, जिसपर कोई दावा नहीं ठोक रहा है। इसके बाद संबंधित पुलिस स्टेशन की पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई। साथ में बम डिस्पोजल टीम भी थी। संदिग्ध ब्लैक बॉक्स की छानबीन की गई, लेकिन उसमें कुछ भी घातक चीज नहीं मिली। पुलिस के आश्वासन के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।
अफरातफरी और जाम
प्रशांत विहार में संदिग्ध ब्लैक बॉक्स मिलने के बाद लोगों में खौफ घर कर गया। उन्हें लगा कि इसमें बम हो सकता है। इससे लोग डर गए। हालत ऐसी हो गई कि क्षेत्र में लंबा जाम लग गया। गाड़ियां रेंग-रेंग कर चलने को विवश हो गईं। आमलोगों को भी इसके चलते परेशानियों का सामना करना पड़ा। दिल्ली पुलिस की टीम फौरन हरकत में आई। तकरीबन एक घंटे तक ऐसे ही हालात बने रहे। बाद में पुलिस के अधिकारी ने कहा कि ब्लैक बॉक्स में कुछ भी संदिग्ध नहीं था। इसके बाद पुलिस के साथ ही आमलोगों ने भी राहत की सांस ली।
काउंटिंग के बीच हलचल
बता दें कि शनिवार को विधानसभा चुनाव की काउंटिंग चल रही थी। इस वजह से सुरक्षा व्यवस्था पहले से ही काफी सख्त थी, ऐसे में संदिग्ध ब्लैक बॉक्स मिलने से लोग और घबरा गए। बता दें कि दिल्ली में पिछले दिनों स्कूल और कॉलेज को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। इस वजह से दिल्ली पुलिस हलकान रही थी। तमाम तरह की छानबीन के बाद यह अफवाह निकला, तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली भी।