Narendra Modi Hyderabad and Chennai visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 26 मई को चेन्नई और हैदराबाद के दौरे पर जा रहे हैं। प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी चेन्नई में कई रेल परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही 11 बड़े प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास करेंगे जिनकी लागत करीब 31400 करोड़ है। यह सभी परियोजनाएं रेल कनेक्टिविटी और दूसरे इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी हुई हैं। इसके अतिरिक्त प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी अपने चेन्नई दौरे पर रेलवे की कई परियोजनाओं को देश के नाम समर्पित करेंगे तो वहीं भविष्य के लिहाज से इंफ्रास्ट्रक्चर को बढ़ाने वाले प्रोजेक्ट्स की आधारशिला रखेंगे जिनकी लागत 21400 करोड़ से अधिक होगी।
राष्ट्र को समर्पित करेंगे 5 परियोजनाएं
इन सभी परियोजनाओं के जरिए इस क्षेत्र में सामाजिक और आर्थिक परिवर्तन भी होंगे साथ में लोगों की तरक्की होगी। प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी 2900 करोड़ से अधिक की लागत वाले 5 प्रोजेक्ट्स देश को समर्पित करेंगे। इनमें 75 किलोमीटर लंबी मदुरई-टेनी रेल लाइन है। यह गेज कन्वर्जन परियोजना थी जिसको 500 करोड़ रुपये की लागत से बदला गया है।
इसके साथ ही पीएम 30 किलोमीटर लंबी रेलवे लाइन तंबाराम-चैंगलपट्टू का उद्घाटन करेंगे जिसका निर्माण 590 करोड़ की लागत से हुआ है। इससे सब अर्बन सेवाओं में विस्तार होगा। इसके साथ ही पीएम मोदी तमिलनाडु में गैस परियोजना और पीएम आवास से योजना बने 1152 मकानों का भी उद्घाटन करेंगे।
30 हजार करोड़ से अधिक के प्रोजेक्ट
चेन्नई दौरे पर प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी 262 किलोमीटर लंबे बेंगलुरु-चेन्नई एक्सप्रेस वे की आधारशिला भी रखेंगे। यह कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु को जोड़ेगा, जो कि 14870 करोड़ की लागत से तैयार किया जाएगा। इसके साथ कई दूसरे प्रोजेक्ट की आधारशिला भी पीएम रखने वाले हैं।
पीएमओ की ओर से जारी बयान के अनुसार शाम के करीब 5 बजकर 45 मिनट पर पीएम चेन्नई के जेएलएन इंडोर स्टेडियम में 31,400 करोड़ रुपये से अधिक की 11 परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे या उद्घाटन करेंगे। इन परियोजनाओं को बुनियादी ढांचे के विकास को बढ़ावा देने, कनेक्टिविटी बढ़ाने और क्षेत्र में जीवन को आसान बनाने की दिशा में एक कदम के रूप में देखा जाता है। इससे पहले प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी दोपहर करीब दो बजे आईएसबी हैदराबाद के 20 वर्ष पूरे होने के मौके पर आयोजित एक कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।