लोकसभा चुनाव 2024: सातवें और आखिरी चरण के चुनाव में संताल परगना के तीन लोकसभा क्षेत्र दुमका, राजमहल और गाेड्डा में एक जून को मतदान होना है। इन तीनों सीटों पर बीजेपी प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित करने के लिए पीएम मोदी मंगलवार को दुमका पहुंच रहे हैं। वे दुमका एयरपोर्ट पर बीजेपी की महाविजय संकल्प सभा को संबोधित करेंगे। पीएम के इस चुनावी जनसभा को लेकर दुमका एयरपोर्ट पर लगभग सारी तैयारी पूरी कर ली गयी है। सुरक्षा के दृष्टिकोण से एसपीजी ने कार्यक्रम स्थल को अपने सुरक्षा घेरे में ले लिया है। कार्यक्रम स्थल पर भीड़ पहुंचने की आसार को देखते हुए चहारदीवारी को काटकर भी अस्थायी गेट बनाये गये हैं। दर्जनों डीएफएमडी लगाये गये हैं, ताकि सुरक्षा जांच से गुजरने के बाद ही मैदान में लोगों का प्रवेश हो सके। इससे पूर्व आइजी ए विजयलक्ष्मी, डीआइजी संजीव कुमार एवं एसपी पीतांबर सिंह खेरवार समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी ने भी कार्यक्रम स्थल पर तैयारी का जायजा लिया। सोमवार की शाम कार्यक्रम स्थल पर तैनात किये जाने वाले अनेक पुलिस पदाधिकारियों, जवानों की ब्रिफिंग आयोजित की गयी तथा उनकें दायित्वाें से अवगत कराया गया।
प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी तैयारी का लिया जायजा
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सह पूर्व सीएम बाबूलाल मरांडी ने भी दुमका एयरपोर्ट पर होने वाली पीएम मोदी की विजय संकल्प रैली की तैयारी का जायजा लिया। उनके साथ लोकसभा प्रभारी राज पलिवार, सह संयोजक निवास मंडल और मीडिया प्रभारी पिंटू अग्रवाल भी उपस्थित थे।
पीएम बनने के बाद चौथे और एक दशक में पांचवीं बार आ रहे दुमका
प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी चौथी बार दुमका आ रहे हैं और 10 वर्ष में उनका यह पांचवा दौरा है। दुमका एयरपोर्ट में यह उनकी तीसरी चुनावी सभा होगी। वे पीएम बनने के बाद 15 दिसंबर 2014 को विधानसभा चुनाव के दौरान सभा को संबाेधित करने पहुंचे थे। वे दूसरी बार मुद्रा योजना की लांचिंग करने के लिए 02 अक्तूबर 2015 में आये थे। तीसरी बार उनका आगमन विधानसभा चुनाव के दौरान ही 15 दिसंबर 2019 को हुआ था। मोदी पीएम बनने से पहले बासुकिनाथ में 2014 के लोकसभा चुनाव में भी जनसभा को संबोधित करने आये थे। इस तरह से मोदी का एक दशक में यह पांचवा दौरा है।