नोएडा में बन रहे इंटरनेशनल गोल्फ कोर्स का निर्माण बंद हो गया है। पहले ही जमीन की कमी से अड़ंगा लगा हुआ है था, जिसे दूर करने में भूलेख अधिकारी परेशान थे। अब परियोजना को पूरा करने में बजट अड़ंगा बन गया है। प्राधिकरण में ठेकेदार का भुगतान नहीं किया जा रहा है, इससे ठेकेदार ने गोल्फ कोर्स का काम आधा अधूरा रोक दिया है।
गौरतलब है कि नोएडा प्राधिकरण की ओर से गोल्फ कोर्स की 3600 सदस्यता के बल पर 125 करोड़ रुपए की परियोजना को पूरा करने का लक्ष्य रखा था। इसमें 1000 लोगों को नए गोल्फ कोर्स के लिए सदस्यता दी गई है। इससे 48 करोड़ रुपए प्राधिकरण के पास आ चुका है। प्राधिकरण ने परियोजना पर 52 करोड़ रुपए खर्च किया। लेकिन प्राधिकरण की ओर से ठेकेदार के करीब 9 करोड़ रुपए का बिल पास नहीं किया गया, जबकि यह बिल अक्टूबर माह का जारी किया जाना था। इसके बाद ठेकेदार ने निर्माण कार्य को रोक दिया।