नई दिल्ली. केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी दी कि इस वर्ष अप्रैल में GST कलेक्शन 2.10 लाख करोड़ रुपये के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया. वित्त मंत्री ने आगे कहा कि रिफंड के बाद, अप्रैल 2024 के लिए सही GST राजस्व 1.92 लाख करोड़ रुपये है, जिसमें पिछले साल की समान अवधि की तुलना में 17.1 फीसदी की वृद्धि दर्ज हुई है.
इस सबके बीच सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ‘मोदी स्टोरी’ हैंडल से एक वीडियो जारी किया गया है, जिसमें निर्मला सीतारमण बता रही हैं कि कैसे कोविड-19 के समय पीएम मोदी ने उन्हें किसी भी तरह के कर में बढ़ोत्तरी करने से साफ इंकार कर दिया था. कैसे प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी ने उनसे साफ बोला था कि कोविड-19 की लड़ाई में आम जनता को किसी भी तरह का अतिरिक्त भार नहीं देना है.