हर दिन संक्रमण में आई कमी के चलते अब राजधानी में कोरोना पांचवीं लहर की शुरूआत स्थिति में आ गया है। 44 दिन बाद पहली बार दिल्ली में कोरोना के दैनिक मामले एक हजार से कम मिले हैं।आखिरी बार पिछले वर्ष 29 दिसंबर को यह संख्या दर्ज की गई थी लेकिन इसके बाद लगातार दैनिक मामले बढ़ते चले गए। 19 जनवरी को एक दिन में 28 हजार से भी अधिक लोग संक्रमित हुए जिसके बाद लहर का पीक निकल गया।
शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि पिछले एक दिन में 977 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। जबकि 12 मरीजों की मौत हुई है। इस बीच 1591 मरीजों को छुट्टी मिली है। इससे पहले 29 दिसंबर 2021 को एक दिन में 923 लोग संक्रमित मिले थे। उस दौरान एक भी मौत नहीं हुई थी। वहीं संक्रमण दर 1.29 फीसदी दर्ज की गई।
विभाग ने जानकारी दी है कि पिछले एक दिन में 56444 नमूनों की जांच में दैनिक संक्रमण दर 1.73 फीसदी दर्ज की गई है। हर दिन मरीजों की संख्या कम होने की वजह से सक्रिय मामले भी अब कम होकर 4812 तक पहुंच गए हैं जिनमें 3135 मरीज अपने घरों में आइसोलेट हैं। वहीं 108 मरीजों का उपचार कोविड स्वास्थ्य केंद्र और 592 मरीज कोविड निगरानी केंद्र में उपचाराधीन हैं। इनके अलावा 668 मरीजों का इलाज अस्पतालों में चल रहा है जिनमें से 265 मरीज आईसीयू में है। वहीं 244 मरीजों को ऑक्सीजन थैरेपी दी जा रही है। इनमें से 66 मरीजों की हालत काफी गंभीर होने की वजह से इन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है।
फिलहाल राजधानी में कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 18,49,596 हुई है जिनमें 18,18,737 मरीज ठीक हुए लेकिन 26047 लोगों की अब तक संक्रमण से मौत हुई है। इनके अलावा दिल्ली में कंटेनमेंट जोन की संख्या भी 20 हजार से नीचे आई है। दिल्ली में अभी भी 19582 इलाके पूरी तरह से सील हैं।