नई दिल्ली: बागेश्वर धाम गवर्नमेंट के नाम से प्रसिद्ध धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री लगातार चर्चा में बने रहते हैं. कभी वह अपने बयानों और कभी कार्यक्रमों की वजह से सुर्खियों में आ जाते हैं. ताजा मामला उनके सोशल मीडिया एकाउंट पर पोस्ट की गई एक फोटो है, जिसमें वह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ दिखाई दे रहे हैं. बागेश्वर धाम गवर्नमेंट के आधिकारिक फेसबुक और ट्विटर एकाउंट पर ये फोटो पोस्ट की गई है, जिसके कैप्शन में लिखा है, ‘8 मार्च 2024 महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर आनें वाले ‘’पंचम कन्या शादी महोत्सव’’ के आमंत्रण हेतु पूज्य बागेश्वर धाम गवर्नमेंट आज हिंदुस्तान की प्रथम नागरिक और राष्ट्रपति महामहिम द्रौपदी मुर्मू जी से मिलने राष्ट्रपति भवन पहुंचे.’
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की राष्ट्रपति के साथ यह फोटो काफी चर्चित हो रही है. हालांकि ऐसा पहली बार नहीं हुआ है कि धीरेंद्र शास्त्री किसी बड़ी शख़्सियत के साथ दिखाई दिए हों, बल्कि कई राज्यों के सीएम और राज्यपालों के साथ उनकी तस्वीर का होना एक आम बात हो गई है, लेकिन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ उनकी फोटो, उनके भक्तों को काफी उत्साहित कर रही है.
सोशल मीडिया पर इस तस्वीर को लेकर काफी कमेंट्स आ रहे हैं और सनातन धर्म पर आस्था रखने वाले लोग इसे सनातन की जीत बता रहे हैं. बता दें कि बाबा धीरेंद्र लगातार अपने कार्यक्रम करते रहते हैं. ठाणे के अम्बरनाथ में बाबा बागेश्वर का दिव्य दरबार है. 7 से 9 मई तक अम्बरनाथ में पंडित धीरेंद्र शास्त्रा का ये कार्यक्रम है.