नई दिल्ली: न्यूयॉर्क से दिल्ली जा रही एयर इण्डिया की फ्लाइट की बुधवार (22 फ़रवरी) को तकनीकी खराबी के चलते स्वीडन की राजधानी स्टॉकहोम में इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी. एयर इण्डिया की फ्लाइट AI 106 में लगभग 300 यात्री सवार थे. कॉकपिट क्रू ने पहले घोषणा की थी कि तकनीकी खराबी के चलते फ्लाइट को स्वीडन के एक एयरपोर्ट पर डायवर्ट किया जा रहा है, जिसके बाद यात्रियों में खलबली मच गया था. हालांकि, सभी यात्री सुरक्षित बताये जा रहे हैं.
एयर इण्डिया के एक अधिकारी ने मीडिया को बताया है कि, ‘न्यूयॉर्क से दिल्ली जा रही एयर इण्डिया की फ्लाइट AI 106 में तकनीकी खराबी आ गई थी और इसे स्वीडन (स्टॉकहोम) एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंड करा दिया गया.’ तकनीकी खराबी की सूचना के बाद, फ्लाइट को स्टॉकहोम की तरफ मोड़ दिया गया था. स्टॉकहोम एयरपोर्ट पर पहुंचने पर कई फायर टेंडर विमान की तरफ दौड़ पड़े. सूत्रों ने जानकारी दी है कि, ‘बड़ी तादाद में दमकल गाड़ियों के स्टॉकहोम एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद करीब 300 यात्री बुरी तरह डर गए.’ इस बीच नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) ने बोला कि एयर इण्डिया के विमान के इंजन से ऑयल रिसाव की जानकारी मिली है.
DGCA ने बताया है कि, ‘एयर इण्डिया की न्यूयॉर्क से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट को विमान के इंजन से ऑयल लीक होने के चलते स्वीडन के स्टॉकहोम की तरफ मोड़ दिया गया.’ बता दें कि, एयर इण्डिया ने विशेष रूप से संयुक्त राज्य अमेरिका (USA) के लिए लंबे मार्गों के लिए बोइंग बी-777 विमान तैनात किए हैं.