BSF: पंजाब के गुरदासपुर जिले के भीतर आने वाले घनियाका बेट गांव से सटी भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (बीएसएफ) के जवान अपनी पैनी निगाह बनाए हुए थे। 14 मई की सुबह करीब 10 बजे सीमा सुरक्षा बल के सावधान जवानों को दो संदिग्ध शख्स पाकिस्तान की तरफ से आते हुए नजर आए। दोनों संदिग्ध शख्स इंटरनेशनल बॉर्डर को पार कर भारतीय सीमा में आने वाली बॉर्डर फेंसिंग की तरफ बढ़ रहे थे।
बीएसएफ के वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, बॉर्डर फेंसिंग के बहुत करीब आने पर सीमा सुरक्षा बल के जवानों की बंदूखें तन गईं और फिर दोनों संदिग्ध युवकों को चैंलेंज किया गया। बिना समय गंवाए सीमा सुरक्षा बल की टीम मौके पर पहुंची और दोनों संदिग्ध युवकों को अपनी हिरासत में ले लिया। पूछताछ में पता चला कि हिरासत में लिए गए दोनों शख्स मूल रूप से पाकिस्तान के नागरिक है। साथ ही, तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है।