नेशनल डेस्क: नेशनल कॉन्फ्रेंस के कार्यकारी अध्यक्ष और जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला द्वारा ‘द कश्मीर फाइल्स’ को झूठ का पुलिंदा बताए जाने के बाद भाजपा ने अब पलटवार किया है। भाजपा नेता और पार्टी के आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला पर टिप्पणी की है।
उन्होंने उमर अब्दुल्ला के बयान पर ट्वीट के जरिए जवाब दिया और कहा, ‘उमर को ‘कश्मीर फाइल्स’ का कौन सा हिस्सा झूठ लगता है। फैक्ट यह है कि उनके पिता फारूक अब्दुल्ला ने 18 जनवरी 1990 को सीएम के रूप में इस्तीफा दे दिया था और 19 जनवरी 1990 से असहाय कश्मीरी हिंदुओं पर नरसंहार शुरू किया गया। उन्होंने 70 आईएसआई प्रशिक्षित खूंखार आतंकवादियों की रिहाई का आदेश दिया था। उन्होंने कहा कि उनके पिता फारूक अब्दुल्ला ने कायरों की तरह हिंदुओं को छोड़ दिया था।
उन्होंने यह बात उमर अब्दुल्ला के उस बयान के जवाब में कही, जिसमें उन्होंने कहा था ‘द कश्मीर फाइल्स’ फिल्म सच से बहुत दूर है। मालवीय ने कहा, ‘1984 में इंदिरा गांधी ने जगमोहन दास को जम्मू-कश्मीर का राज्यपाल नियुक्त किया था। जुलाई 1989 में अपने इस्तीफे से पहले उन्होंने राजीव गांधी को घाटी में पनपते आतंकवाद को लेकर सावधान किया था।’उन्होंने आगे कहा, राजीव गांधी ने जगमोहन को लोकसभा की टिकट ऑफर किया लेकिन उन्होंने इनकार कर दिया। इसके बाद उन्हें 20 जनवरी को दोबारा जम्मू-कश्मीर का राज्यपाल बना दिया गया। 22 जनवरी को वह श्रीनगर पहुंचे। तब तक वहां जिहाद शुरू हो चुका था।