हैदराबाद, 29 अप्रैल: शुक्रवार की नमाज के बाद हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने सियासी राग अलापा है और आरोप लगाया है कि देश में मुसलानों पर जुल्म ढाया जा रहा है, लेकिन यह समुदाय डरने वाला नहीं है। उनके इस स्पीच का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें बीच में वह फफक-फफक कर रोते हुए भी दिखाई पड़ रहे हैं। उन्होंने इस भाषण में यह भी कहा है कि मुसलमानों को ‘जालिमों’ के ‘जुल्मों’ से डरने की जरूरत नहीं है और हौसला रखकर सबका सामना करना है। इस मौके पर ओवैसी रामनवमी के जुलूस के दौरान मध्य प्रदेश के खरगोन और दिल्ली की जहांगीरपुर में हुई हिंसा के बाद प्रशासन की कार्रवाई पर भी सवाल उठाया है और कहा कि इन सबसे वे लोग मैदान नहीं छोड़ने वाले हैं, क्योंकि उन्हें मौत से डर नहीं लगता।
फफक-फफक कर रो पड़े ओवैसी
शुक्रवार को नमाज के बाद एक भाषण के दौरान एआईएमआईएम चीफ ओवैसी कभी भावुक तो कभी आक्रामक तेवर में नजर आए। एक वक्त तो ऐसा आया कि वह अपने अंदाज के बिल्कुल विपरीत फूट-फूट कर रोते हुए दिखाई पड़े। उन्होंने मुसलमानों पर जुल्म का आरोप लगाते हुए हाल में हुई हिंसा के बाद की कार्रवाई पर सवाल उठाया और कहा, “घरों को तोड़ दिया जा रहा है…दुकानों को तोड़ दिया जा रहा है…….हमें बर्बाद किया जा रहा है….कोई कहता है कि हमें डर हो रहा है….मैं आपको कह रहा हूं डरने की जरूरत नहीं है। खौफ खाने की जरूरत नहीं है। अपने हिम्मत और हौसले को बुलंद रखो।”