अहमदाबाद: कांग्रेस पार्टी ने गुरुवार को MLA जिग्नेश मेवानी सहित 7 नेताओं को अपनी गुजरात इकाई का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया है. पार्टी ने यह निर्णय ऐसे वक़्त में लिया है, जब नवंबर-दिसंबर में राज्य में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं. जिग्नेश मेवानी के अलावा, MLA ललित कागाथरा, MLA रित्विक मकवाना, MLA अंबरीश डेर, MLA हौसला सिंह पटेल, कादिर पीरजादा और इंद्रविजय सिंह गोहिल को गुजरात प्रदेश कांग्रेस पार्टी कमेटी का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है. बता दें जगदीश ठाकोर गुजरात कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष हैं.
कांग्रेस ने गुजरात चुनाव के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं. 2017 में हुए चुनावों में कांग्रेस पार्टी ने (182 सदस्यीय गुजरात विधानसभा) में 77 सीटों पर जीत दर्ज की थी, जबकि बीजेपी ने 99 सीटों पर विजयी परचम फहराया था. मीडिया रिपोट्स के अनुसार, कांग्रेस पार्टी ने इसी हफ्ते दिल्ली में गुजरात चुनाव को लेकर एक हाई लेवल मीटिंग की थी. 2024 के लोकसभा चुनावों के लिए चुनावी रणनीति बनाने के लिए गठित कांग्रेस पार्टी टास्क फोर्स ने सोमवार (3 जुलाई) को पार्टी की गुजरात इकाई के नेताओं के साथ मीटिंग की थी. यह बैठक दिल्ली के कांग्रेस पार्टी वॉर रूम में हुई थी. बैठक में गुजरात चुनाव की रणनीति को लेकर मंथन हुआ था.
मोदी से दूर रहना :-
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस बैठक में गुजरात कांग्रेस पार्टी के नेताओं को यह निर्देश दिया गया कि पीएम नरेंद्र मोदी के खिलाफ कोई पर्सनल हमला नहीं किया जाएगा. राज्य के नेताओं से बोला गया कि किसी भी स्थिति में यह चुनावी मुकाबला मोदी बनाम कांग्रेस पार्टी नहीं बनना चाहिए.