लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मुलाकात कर उन्हें मुख्यमंत्री पद से अपना इस्तीफा सौंप दिया। राज्यपाल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इस्तीफे को स्वीकार करते हुए उनसे अन्य व्यवस्था होने तक मंत्रिमंडल के साथ कार्यवाहक मुख्यमंत्री के रूप में यथावत शासन का कार्य देखते रहने का अनुरोध किया।
इसके पहले योगी ने अपनी मौजूदा सरकार की मंत्रिपरिषद (कैबिनेट) की आखिरी बैठक की जिसमें विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को मिले पूर्ण बहुमत के लिए जनता-जनार्दन का आभार प्रकट करने के साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, निर्वाचन आयोग, सुरक्षाकर्मियों, अधिकारियों और राज्य तथा केंद्र के पुलिस बल के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
राजभवन से जारी बयान के अनुसार योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार की शाम को राजभवन, लखनऊ में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा सौंपा।
इस अवसर पर राज्यपाल ने योगी आदित्यनाथ के इस्तीफे को स्वीकार करते हुए, उनसे अन्य व्यवस्था होने तक मंत्रिमंडल के साथ कार्यवाहक मुख्यमंत्री के रूप में यथावत शासन का कार्य देखते रहने का अनुरोध किया। इससे पहले राजभवन के समस्त अधिकारियों द्वारा योगी को विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2022 में भारी बहुमत से पार्टी की विजय पर पुष्प गुच्छ भेंट कर बधाई