भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी मां के सौवें जन्मदिन के मौक़े पर एक ब्लॉग लिखा जो सोशल मीडिया पर ख़ूब चर्चित हुआ है.
इस ब्लॉग में उन्होंने एक मुस्लिम व्यक्ति अब्बास का जिक्र करते हुए लिखा है कि अब्बास के पिता की मृत्यु के बाद, उनका पालन-पोषण, उनके परिवार में ही हुआ था.
पीएम मोदी के मुताबिक़ उनके पिता अब्बास को इसलिए अपने घर ले आए थे ताकि वे अपनी पढ़ाई जारी रख सकें.
वडनगर से अब तक जो जानकारी सामने आई है, उसके मुताबिक़ अब्बास अपने छोटे बेटे के पास ऑस्ट्रेलिया में हैं और उनका बड़ा बेटा वडनगर में रह रहा है.
बीबीसी गुजराती के पत्रकार केतन पेटल ने नरेंद्र मोदी के भाई सोमाभाई मोदी से बातचीत की. उन्होंने यह बताया कि अब्बास मोदी परिवार के साथ रह चुके हैं.
बीबीसी गुजराती के पत्रकार भार्गव परीख ने प्रधानमंत्री मोदी के छोटे भाई प्रह्लाद मोदी से बातचीत की. उन्होंने कहा कि अब्बास उनके छोटे भाई पंकज मोदी के दोस्त हैं.
कौन हैं अब्बास मोमिन?
बीबीसी गुजराती के पत्रकार केतन पटेल से बात करते हुए सोमाभाई मोदी ने अब्बास के बारे में बताया, “अब्बास मेरे छोटे भाई पंकज के दोस्त हैं. कम उम्र में ही उनके पिता की मौत हो गई थी. परिवार चलाने के लिए उन्होंने पढ़ाई छोड़ने का मन बना लिया था. लेकिन मेरे पिता ने उन्हें पढ़ाई जारी रखने को कहा. पिताजी उन्हें घर ले आए, हम लोग साथ में खाते-पीते और रहते थे.”
सोमाभाई ने यह भी बताया, “मानवता के आधार पर मेरा परिवार हर किसी की मदद के लिए तैयार रहता था.”