वाशिंगटन: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पदभार ग्रहण करते ही प्रवासियों पर नकेल कसने के लिए जारी शासकीय आदेश कतहत योजनाओं पर अमल प्रारम्भ हो गया है. अमेरिकी रक्षा मंत्रालय पेंटागन, दक्षिणी सीमा की सुरक्षा के लिए 1,500 से अधिक एक्टिव सैनिकों को तैनात करना प्रारम्भ कर देगा. अमेरिकी ऑफिसरों ने बुधवार को यह जानकारी दी. कार्यवाहक रक्षा मंत्री रॉबर्ट सेलेसेस द्वारा बुधवार को तैनाती के आदेश पर हस्ताक्षर किए जाने की आशा थी, लेकिन अभी तक यह साफ नहीं है कि कौन से सैनिक या यूनिट जाएंगी.
बताया जा रहा है कि सैनिकों की संख्या में बदलाव भी हो सकता है. यह देखना अभी बाकी है कि क्या वे कानून प्रवर्तन का काम करेंगे या नही. एक्टिव ड्यूटी बल वहां पहले से ही उपस्थित लगभग ढाई हजार अमेरिकी नेशनल गार्ड और रिजर्व बलों में शामिल हो जाएंगे. सैनिकों को रसद, परिवहन करने और अवरोध तैयार करने के लिए सीमा गश्ती एजेंटों की सहायता के मकसद से लगाया जाएगा.
ट्रंप के निर्णय पर अमल शुरू
ट्रंप और पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन दोनों द्वारा सैनिकों को पहले भी वहां भेजे जाने पर उन्हे ये जिम्मेदारी सौंपी गई थी. ‘पॉसे कॉमिटेटस एक्ट’ के अनुसार सैनिकों को कानून प्रवर्तन कार्य करने से प्रतिबंधित किया गया है, लेकिन इसमें परिवर्तन हो सकता है. अपने पहले के आदेशों में से एक में सोमवार को ट्रंप ने रक्षा मंत्री को ‘सीमाओं को सील करने’ और ‘अवैध सामूहिक प्रवासन’ को रोकने के लिए एक योजना बनाने का निर्देश दिया था. ट्रंप ने गैरकानूनी प्रवासियों को राष्ट्र से बाहर निकालने का निर्णय किया है. (एपी)