Paneer Paratha Breakfast Recipe: रोज की भागदौड़ के कारण लोगों के पास अब सुबह में इतना समय नहीं होता है कि वे बैठकर शाँति से नाश्ता या खाना खा सकें। ऐ
से में फ्रिज में जो भी मौजूद रहता है, निकाला और खा लिया। कई बार तो लोग ब्रेड अंडा, ओट्स या फिर केवल दूध पीकर ही घर से निकल जाते हैं। ऐसे में नाश्ते को इंजॉय करके खाने का आनंद केवल वीकेंड पर ही लिया जा सकता है
शनिवार या संडे के दिन जब घर पर सभी सदस्य हों तो आप कुछ हेल्दी और पौष्टिक नाश्ता बनाकर खाने का लुत्फ उठा सकते हैं। यदि आपको ब्रेकफास्ट में पराठे खाना पसंद है और डेली की भागदौड़ में बनाने का समय नहीं मिल पाता तो आप संडे को बनाकर खाएं पनीर पराठा।
पनीर आमतौर पर हर किसी को पसंद होता है। पनीर पराठा खाकर स्वाद और स्वास्थ्य दोनों का डबल डोज मिलेगा। यह एक हाई प्रोटीन नाश्ता है, जिसे बनाने के लिए आपको बहुत चीजों की आवश्यकता भी नहीं पड़ेगी। आइए जानते हैं पनीर पराठा बनाने की आसान सी रेसिपी।
पनीर पराठा बनाने के लिए सामग्री
आटा- 1 से 2 कप
घी या रिफाइंड तेल- 2 बड़े चम्मच
पनीर- 250 ग्राम
हरी मिर्च- 2 बारीक कटी
प्याज- 1 कटा हुआ
पानी- आवश्यकतानुसार
धनिया पत्ती- बारीक कटी हुई
नमक-स्वादानुसार
लाल मिर्च पाउडर- 1 छोटा चम्मच
घी या तेल- पराठे सेंकने के लिए
अजवाइन- 1/4 छोटा चम्मच
मंगरैल- 1/4 छोटा चम्मच
पनीर पराठा बनाने की विधि
सबसे पहले आटा गूंद लें। आटे को एक बर्तन में डालकर थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए गूंदें। बहुत कठोर और टाइट ना हो आटा। इसे गूंदने के बाद 15 से 20 के लिए छोड़ दें। आटे में भरावन के लिए पनीर का मसाला तैयार करें। इसके लिए हरी मिर्च, धनिया पत्ती, प्याज को बारीक काट लें। अब एक कटोरे में पनीर लेकर अच्छी तरह से चूर लें। इसमें कटी हुई मिर्च, प्याज, धनिया पत्ती डालकर मिक्स करें। अब आप मसाले और नमक डाल दें और अच्छी तरह से मिक्स कर दें।
अब आटे की मीडियम साइज की लाई लेकर थोड़ा सा बेल लें। इसमें एक से डेढ़ चम्मच पनीर वाले मिश्रण को रख दें और चारों तरफ से आटे को मोड़ते हुए चिपका दें। इसे गोल कर लें और बेलन की सहायता से बेल लें। एक साथ 4-5 पराठा बेलकर रख लें। गैस पर तवा रखें। जब गर्म हो जाए तो एक पराठे को डालकर दोनों तरफ से पलट कर सेकें। रिफाइंड या घी लगाएं और गोल्डन ब्राउन होने तक पकाएं। प्लेट में निकालें और दही, रेड या ग्रीन सॉस, धनिया चटनी, अचार किसी भी चीज के साथ गर्मागर्म सर्व करे।