Movie Review जयेशभाई जोरदार कलाकार रणवीर सिंह , शालिनी पांडेय , बोमन ईरानी और रत्ना पाठक शाह लेखक दिव्यांग ठक्कर निर्देशक दिव्यांग ठक्कर निर्माता मनीष शर्मा बैनर यश राज फिल्म्स रिलीज डेट 13 मई 2022 रेटिंग 2.5/5
धीरे धीरे पुरानी होती जा रही हैं यश राज फिल्म्स की फिल्मों की सफलता की बातें. एक प्रोडक्शन कंपनी के तौर पर 50 वर्ष पूरे कर रही यश राज फिल्म्स की पहचान अब किस तरह की फिल्में बनेंगी, ये अभी तय होना बाकी है. कंपनी के कर्ता धर्ता आदित्य चोपड़ा अपने कारोबार का विस्तार कर रहे हैं. ओटीटी तक कहानियां बना रहे हैं, लेकिन क्या आपको याद है यश राज फिल्म्स की किस अंतिम फिल्म को पूरे परिवार के साथ सिनेमाघर में देखने का आपका जोरदार मन किया था? यश राज फिल्म्स की ताकत रही इसकी पारिवारिक फिल्मों का गणित गड़बड़ा रहा है. यशराज फिल्म्स की स्थापना का ये 50वां वर्ष है और ये वर्ष इसकी आगे के 50 वर्ष की हालात और दिशा तय करने वाला भी वर्ष है. कंपनी ने पिछली गलतियों से सबक लेकर ही शायद अब बड़ी और विशाल फिल्मों पर ही फोकस रखने का निर्णय किया है लेकिन अतीत के निर्णय इस कंपनी को कभी ‘बंटी और बबली 2’ और कभी ‘जयेशभाई जोरदार’ जैसी फिल्मों के रूप में परेशान करते रहेंगे.