अजय देवगन की फिल्म मैदान अब चंद दिनों में रिलीज हो जाएगी. फिल्म की एडवांस बुकिंग शुरु हो चुकी है. रिलीज से पहले ही इसकी कमाई के आंकड़े भी सामने आने लगे हैं. फिल्म 10 अप्रैल, 2024 को रिलीज होगी.
एडवांस बुकिंग के पहले दिन कमाए इतने लाख रुपये
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार फिल्म ने एडवांस बुकिंग के पहले दिन ठीक-ठाक कलेक्शन कर लिया है. मैदान के 5410 टिकट बिक चुके हैं. इसमें शो की संख्या 530 है. यह आंकड़े 2डी वर्जन के हैं. टिकट का औसत मूल्य 203 है. इस हिसाब से फिल्म ने बुकिंग के पहले दिन 10,29,829 लाख रुपये का कारोबार कर लिया है. इस आंकड़े के बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि फिल्म रिलीज होने के बाद टिकट खिड़की पर झंडे गाड़ सकती है.
दर्शकों ने ट्रेलर को दिया प्यार
हाल ही में, अजय देवगन ने अपने इंस्टा हैंडल पर ‘मैदान’ का फाइनल ट्रेलर साझा किया था. इसके साथ उन्होंने फिल्म का एक नया पोस्टर भी जारी किया था. उन्होंने अपनी पोस्ट के कैप्शन में लिखा था,”दिल एक, समाज एक, सोच एक. देखिए एस। ए। रहीम और उनकी टीम इण्डिया की अनकही कहानी.” फाइनल ट्रेलर आने के बाद से ही दर्शक फिल्म पर अपनी-अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं. कई लोगों का मानना है कि यह एक सफल फिल्म साबित होगी, जो कई रिकॉर्ड भी तोड़ सकती है.
सैयद अब्दुल रहीम के जीवन पर आधारित है फिल्म
मैदान एक स्पोर्ट्स बायोग्राफी फिल्म है. यह सैयद अब्दुल रहीम के जीवन पर आधारित है. रहीम भारतीय फुटबॉल टीम के कोच थे. फिल्म में वर्ष 1952 से 1962 के बीच की कहानी को दर्शाया जाएगा. इस दशक को भारतीय फुटबॉल टीम का सुनहरा दौर बोला जाता था. इस फिल्म का निर्माण जी स्टूडियो, बोनी कपूर, अरुणावा सेनगुप्ता और आकाश चावला ने किया है. इसका निर्देशन अमित रविंद्रनाथ शर्मा ने किया है. अजय देवगन के अतिरिक्त फिल्म में प्रियामणि और गजराव राव भी नजर आएंगे. बॉक्स ऑफिस पर इसका मुकाबला अक्षय कुमार और टाइगर श्रॉफ की फिल्म ‘बड़े मियां छोटे मियां’ से होगा.