मार्वल सिनेमैटिक यूनिवर्स की नयी फिल्म का इन्तजार मार्वल मूवीज के फैन काफी समय से कर रहे हैं. ‘द मार्वल्स’ लंबे समय से चर्चा का विषय बना हुआ था. हाल ही में इस फिल्म का पहला ट्रेलर रिलीज हुआ था, जो जबरदस्त है और फैंस के होश उड़ गए हैं. इस बार ‘द मार्वल्स’ में कैप्टन मार्वल यानी ब्री लार्सन के साथ दो सुपरहीरो हैं. एक हैं मिस मार्वल कमला खान और दूसरी हैं मोनिका रामब्यू. खास बात ये है कि इस बार मार्वल की इस फिल्म में कोरियन अभिनेता पार्क सिओ-जून भी नजर आएंगे.
मालूम हो कि मिस मार्वल यानी कमला खान को मेकर्स ने वर्ष 2022 में आई एक वेब सीरीज में इंट्रोड्यूस किया था. मिस मार्वल दरअसल कैप्टन मार्वल की फैन हैं. मिस मार्वल और कैप्टन मार्वल ‘द मार्वल्स’ में पहली बार मिलेंगे. और जब ये मिलेंगे तो क्या होगा, यही फिल्म की कहानी होगी.कहानी का सार एमसीयू द्वारा साझा किया गया है. यह पता चलता है कि कैप्टन मार्वल, जिसका वास्तविक नाम कैरल डेनवर है, ने क्रूर और निर्दयी क्री से अपनी पहचान वापस पा ली है और सुप्रीम इंटेलिजेंस के साथ मिलकर काम किया है. लेकिन किसी कारण से, कैप्टन मार्वल को एक अस्थिर ब्रह्मांड का भार अपने कंधों पर उठाना पड़ता है. फिर बाद में किसी तरह कैप्टन मार्वल की शक्तियां मिस मार्वल से टकराती हैं. फिर क्या होता है और कैसे वे दुनिया को एलियंस से बचाते हैं, यही कहानी है.दिलचस्प बात यह है कि बॉलीवुड अदाकार मोहन कपूर भी ‘द मार्वल्स’ का हिस्सा हैं. वह फिल्म में मिस मार्वल यानी कमला खान के पिता के रोल में हैं. ट्रेलर के एक सीन में उनकी झलक नजर आ रही है. मोहन कपूर ने कई हॉलीवुड फिल्मों में डबिंग की है. इनमें एक्स-मेन: फर्स्ट क्लास से लेकर फास्ट एंड फ्यूरियस 6, फास्ट एंड फ्यूरियस 7, ‘द कराटे किड’, ‘जुरासिक वर्ल्ड’ और ‘एवेंजर्स एंडगेम’ और ‘स्पाइडर-मैन: नो वे होम’ जैसी फिल्में शामिल हैं. बात करें ‘द मार्वल्स’ की तो यह नवंबर 2023 में रिलीज होगी.