विस्तार हिंदी सिनेमा में अपनी अलग पहचान बनाने वाले अभिनेता नाना पाटेकर के फैंस के लिए खुशखबरी है. वर्ष 2018 में मीटू मूवमेंट के दौरान लगे आरोप के बाद नाना पाटेकर अब जल्द ही बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रहे हैं. वह सोशल थ्रिलर फिल्म ‘द कन्फेशन’ में मुख्य भूमिका निभाते हुए नजर आएंगे. इस फिल्म का मोशन पोस्टर रिलीज किया गया है.
ट्विटर पर ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने एक मोशन पोस्टर जारी कर नाना पाटेकर की बड़े पर्दे पर सालों बाद वापसी का एलान कर दिया है. उन्होंने जो मोशन पोस्टर शेयर किया है, उसमें नाना पाटेकर की दमदार आवाज सुनाई दे रही है. नाना कहते हैं कि सच का चेहरा देख लिया मैंने, सच की आवाज भी सुन ली, सच जानकर भी कबूल नहीं मुझे, गर जान भी जाए वो कबूल है मुझे. ऑडियो के समाप्त होते ही नाना पाटेकर का चेहरा भी दिखाई देता है.
इस फिल्म का निर्देशन अनंत नारायण महादेवन करेंगे. वहीं, नरेंद्र हीरावत, प्रवीण शाह, सगुन बाघ, अजय कपूर और सुभाष काले ‘द कन्फेशन’ को प्रोड्यूस करेंगे. फिल्म की रिलीज डेट को लेकर अभी कोई जानकारी नहीं दी गई है. इस फिल्म के साथ नाना पाटेकर कई वर्ष बाद कमबैक कर रहे हैं, ऐसे में जब मोशन पोस्टर रिलीज हुआ तो फैंस खुशी से झूम उठे.
आपको बता दें कि नाना पाटेकर आखिरी बार 2018 में रजनीकांत की फिल्म ‘काला’ में नजर आए थे. इस फिल्म में उन्होंने विलन का भूमिका निभाया था. वर्ष 2019 में वह ‘हाउसफुल 4’ की शूटिंग भी शुरू कर चुके थे, लेकिन अभिनेत्री तनुश्री दत्ता के मीटू मूवमेंट के अनुसार उन पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाने के बाद उन्होंने फिल्म छोड़ दी थी. अब वह जल्द ही ‘द कन्फेशन’ में नजर आने वाले हैं.