बॉलीवुड अदाकार अजय देवगन (Ajay Devgn) ने ‘दृश्यम 2’ (Drishyam 2) के जरिए एक बार फिर दर्शकों का दिल जीत लिया है। फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज हुए 2 सप्ताह हो गए हैं और अब भी ये दर्शकों के दिलों पर राज कर रही है और कमाई का सिलसिला भी लगातार जारी है। घरेलू बॉक्स ऑफिस पर फिल्म ने 150 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। अन्य कई फिल्मों के रिलीज होने के बाद भी दर्शकों पर अभी भी इसी का खुमार छाया हुआ है। खास बात तो यह है कि दृश्यम 2 ने 14वें दिन भी जबरदस्त कमाई की है।
अजय देवगन की ‘दृश्यम 2’ ने अब तक 163.47 करोड़ कमा लिए हैं। 14वें दिन की बात करें तो फिल्म ने 4.30 करोड़ कमाए। अनेक ट्रेड एनालिस्ट्स की मानें तो फिल्म की कमाई में अभी उछाल आ सकता है। वीकेंड पर दृश्यम 2 एक बार फिर रफ्तार पकड़ सकती है। फिल्म ने फर्स्ट डे ही जबरदस्त ओपनिंग की थी। पहले दिन फिल्म ने 15 करोड़ से अधिक कमाए थे। लेकिन, वीकेंड पर जबरदस्त उछाल देखने को मिला।
दूसरे दिन फिल्म ने 21.59 करोड़, तीसरे दिन 27.27 करोड़, चौथे दिन 11.87 करोड़, पांचवें दिन 10.48 करोड़, छठे दिन 9.55 करोड़ और सातवें दिन 8.62 करोड़ इकट्ठे किए। दूसरे सप्ताह भी फिल्म की कमाई का सिलसिला जारी रहा। दर्शकों और फिल्म क्रिटिक्स से इसे जबरदस्त और पॉजिटिव प्रतिक्रिया मिली।
अजय देवगन के अतिरिक्त ‘दृश्यम 2’ में अक्षय खन्ना, तब्बू, इशिता दत्ता और श्रिया सरन जैसे सितारे भी अहम रोल में हैं। इनमें से अक्षय खन्ना के अतिरिक्त सभी पहले पार्ट का भी हिस्सा रहे हैं। बता दें, फिल्म वर्ष 2015 में आई ‘दृश्यम’ का सीक्वल है। यह फिल्म इसी नाम की मलयालम फिल्म का रीमेक है। इसमें मोहनलाल (Mohanlal) ने लीड रोल निभाया था।