अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर करीब नौ महीने अंतरिक्ष में बिताने के बाद सुरक्षित धरती पर लौट आए हैं. पिछले वर्ष जून से अंतरिक्ष में फंसे इन अंतरिक्ष यात्रियों को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा, लेकिन आखिरकार उनका अंतरिक्ष यान फ्लोरिडा के समुद्र तट पर सफलतापूर्वक उतर गया. बॉलीवुड-टॉलीवुड अदाकार आर माधवन ने सुनीता विलियम्स की धरती पर सुरक्षित वापसी पर खुशी जताते हुए एक पोस्ट शेयर की है. उन्होंने बीते दिन भी सुनीता के लिए पोस्ट किया था और कामना की थी कि वो सफलतापूर्क धरती पर लौट आएं.
आर माधवन ने किया सुनीता विलियम्स का स्वागत
सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर का अंतरिक्ष यान धरती पर सुरक्षित उतर गया. भारतीय समय के अनुसार, बुधवार तड़के लैंडिंग हुई. इस समाचार का उत्सव पूरी दुनिया में मनाया जा रहा है. माधवन ने आज बुधवार को हिंदुस्तान की बेटी सुनीता विलियम्स की सुरक्षित वापसी पर इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर किया. उन्होंने लिखा कि आखिरकार प्रार्थनाएं कबूल हो गईं. आर माधवन की पोस्ट में लिखा है, ‘हमारी प्यारी सुनीता विलियम्स का धरती पर स्वागत है. आखिरकार, हमारी प्रार्थनाएं कबूल हो गईं. आपको सुरक्षित और मुस्कुराते हुए देखकर राहत मिली और बहुत अच्छा लगा. अंतरिक्ष में 260 से अधिक अनिश्चित दिनों के बाद आपकी वापसी, यह सब ईश्वर की कृपा है. लाखों लोगों की प्रार्थनाएं स्वीकार हुई हैं. पूरे क्रू में सभी ने बहुत बढ़िया काम किया. ईश्वर का आशीर्वाद बना रहे.