मुंबईः सलमान खान अपनी ब्लॉकबस्टर फिल्मों के लिए जाने जाते हैं और उनकी अच्छी खासी फैन फॉलोइंग है। लेकिन, उनकी पिछली दो फिल्म ‘राधे’ और ‘किसी का भाई किसी की जान’ को दर्शकों से कुछ खास रिस्पॉन्स नहीं मिला। हालांकि, उनकी अपकमिंग फिल्म टाइगर 3 की हर तरफ चर्चा है। फिल्म में सलमान खान एक बार फिर कैटरीना कैफ (Katrina Kaif) के साथ एक्शन अवतार में दिखाई देंगे। ऐसे में दर्शक फिल्म का बेसब्री से इन्तजार कर रहे हैं। लेकिन, इस फिल्म के बाद सलमान अपनी अगली फिल्म की लिए बिल्कुल फ्रेश सब्जेक्ट ढूंढ रहे हैं।
इसी बीच चर्चा है कि सलमान खान ने एक बार फिर एक ऐसी फिल्म पर काम प्रारम्भ करने का निर्णय लिया है, जो पिछले लंबे समय से बंद पड़ी थी और इसके लिए उन्होंने अपने एक पुराने डायरेक्टर दोस्त से हाथ मिलाया है। अब आप सोच रहे होंगे कि सलमान खान के ये दोस्त आखिर कौन हैं। तो चलिए हम आपको स्वयं बता देते हैं। सलमान खान के ये दोस्त कोई और नहीं बल्कि डायरेक्टर संजय लीला भंसाली हैं, जिनसे सलमान खान ने संपर्क किया है।
KoiMoi डॉट कॉम की रिपोर्ट के अनुसार, सलमान खान का संजय लीला भंसाली से ‘इंशाअल्लाह’ के सेट पर विवाद हुआ था। जिसके बाद दोनों ने फिल्म पर काम बंद कर दिया। लेकिन, अब हाल ही में सुपरस्टार ने फिर संजय लीला भंसाली से इसी फिल्म को लेकर संपर्क किया था, क्योंकि उन्हें ‘इंशाअल्लाह’ की लव स्टोरी बहुत पसंद आई थी। दूसरी तरफ पिछले दिनों आई सलमान खान की दोनों फिल्में फ्लॉप रहीं, ऐसे में सलमान अब नयी फ्रेश स्टोरी की तलाश में हैं।
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि ये कोई एक्शन पैक्ड या ड्रामा ड्रिवेन स्टोरी नहीं बल्कि सिंपल लव स्टोरी होगी। फिल्म में सलमान किसी न्यूकमर को भी सपोर्ट नहीं करेंगे। बल्कि वह अब एक ऐसे सब्जेक्ट पर फिल्म करना चाहते हैं जो रेलेवेंट हो और उन्होंने पहले कभी ऐसी फिल्म में काम ना किया हो। यानी सलमान अब बिल्कुल नए अंदाज में दिखाई देने के लिए तैयार हैं।
सलमान खान ने मार्च 2019 में एक ट्वीट किया था, जिसमें उन्होंने संजय लीला भंसाली के साथ अपनी दोस्ती का जिक्र किया था और बताया था कि वह 20 वर्ष बाद फिर उनके साथ काम करने जा रहे हैं। हालांकि, बाद में यह फिल्म बंद हो गई। फिल्म के प्रोडक्शन डिजाइनर रुपिन सूचक ने फिल्म के डब्बाबंद होने के बाद ये जानकारी दी थी कि सलमान खान और संजय लीला भंसाली के क्रिएटिव डिफरेंसेस की वजह से ये फिल्म बंद हो गई। सलमान, संजय लीला भंसाली की ‘खामोशी’ (1996) और ‘हम दिल दे चुके सनम’ (1999) जैसी फिल्मों में काम किया है।