राष्ट्र की नेशनल क्रश साउथ सुपरस्टार अदाकारा रश्मिका मंदाना ने हाल ही में साउथ सिनेमा की कामयाबी का राज खोला है। जहां एक तरफ फिल्मी दुनिया में हिंदी सिनेमा और साउथ सिनेमा के बीच सबसे बेहतर होने की बहस छिड़ी हुई है, वहीं रश्मिका का मानना है कि पुष्पा जैसी साउथ फिल्में सीधा लोगों के दिलों में उतर रही हैं। एक मीडिया साक्षात्कार के दौरान रश्मिका मंदाना ने अपने अंदाज में साउथ सिनेमा का सक्सेस मंत्रा बताया है।
मौजूदा समय में साउथ सिनेमा की सबसे बड़ी अदाकारा में से एक रश्मिका मंदाना कहती हैं कि साउथ फिल्मों के सुपरहिट होने का सबसे बड़ा कारण है कि इस इंडस्ट्री के कलाकार बड़ी ही ईमानदारी ओर निष्ठा के साथ अपने भूमिका पर काम करते हैं। पुष्पा, आर आर आर और केजीएफ जैसी फिल्मों का बोलबाला इस वजह से भी हो रहा है कि हमने यह फिल्में हर भाषा के लोगों तक पहुंचाई हैं। जिसकी वजह से इन फिल्मों को इतना प्यार और सक्सेस मिला है। साथ ही इन सभी फिल्मों का कंटेट भी काफी दमदार रहा है। इसके अतिरिक्त बॉलीवुड और टॉलीवुड के मौजूदा घमासान से बचते हुए रश्मिका मंदाना ने अधिक विचार नहीं रखे।
इन सुपरस्टार्स के साथ रश्मिका ने की फिल्में
बहुत कम समय में रश्मिका मंदाना ने फिल्मों में अपना अलग ही मुकाम हासिल किया है। इस दौरान रश्मिका ने सदी के महानायक अमिताभ बच्चन, रणबीर कपूर और साउथ सिनेमा के सुपरस्टार विजय थलापति के साथ बड़े पर्दे पर काम किया है। इसमें बिग बी के साथ काम करने पर रश्मिका मंदाना ने बोला है कि मिस्टर बच्चन के साथ स्क्रीन शेयर करना मेरे लिए बहुत खास अनुभव रहा है। मैं बतौर अदाकारा उनसे बहुत कुछ सीख रही हूं और ये मेरे लिए बहुत अच्छा है।