भारतीय शेयर बाजार में मंगलवार का दिन कई उठा पटकों के दौर से गुजरा है। भारतीय शेयर बाजार मंगलवार को हरे निशान पर बंद हुआ है। एफएमसीजी और एनर्जी स्टॉक्स में खरीददारी की बदौलत बाजार में निचले स्तर पर तेजी देखने को मिली है। कारोबार के समाप्त होने के समय तक बीएसई सेंसेक्स 122 अंकों के उछाल के साथ फायदा की स्थिति पर बंद हुआ है।
वैश्विक स्तर पर बाजार का रुख सकारात्मक रहा है। इसी बीच रिलायंस इंडस्ट्रीज में लिवाली देखने को मिली जिससे बाजार में तेजी आई है। कारोबार के दौरान मुख्य इंडेक्स यानी सेंसेक्स और निफ्टी रिकॉर्ड स्तर पर कारोबार कर रहे थे। इसी बीच उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 122.10 अंक यानी 0.17 फीसदी की बढ़त के साथ 71,437.19 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 308.62 अंक चढ़कर अपने अबतक के उच्चतम स्तर 71,623.71 अंक पर पहुंच गया था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी कारोबार के दौरान 86.4 अंक यानी 0.40 फीसदी की बढ़त के साथ रिकॉर्ड 21,505.05 अंक तक पहुंचा। दिन के अंत तक ये तेजी के साथ 21,453.10 अंक पर बंद हुआ।
एफएमसीजी को मिला लाभ
एफएमसीजी की कंपनियों, ऑयल एवं गैस, बिजली और चुनिंदा बैंक शेयरों में भी तेजी दिखाई दी है। इस दौरान आईटी और गाड़ी शेयरों में भारी हानि होने से बढ़त पर लगाम लगी है। कारोबार के दौरान सेंसेक्स की कंपनियों की नेस्ले ने सबसे अधिक फायदा कमाया है जो कि 4.66 फीसदी का रहा। इसके अतिरिक्त एनटीपीसी (2.16 प्रतिशत), रिलायंस इंडस्ट्रीज (1.53 प्रतिशत), एसबीआई (1.04 प्रतिशत) और हिंदुस्तान यूनिलीवर (1.03 प्रतिशत) में बढ़ोतरी देखने को मिली है। आईटीसी, पावर ग्रिड और बजाज फाइनेंस के शेयर भी बढ़त के साथ बंद हुए। दूसरी तरफ हानि में रहने वाले शेयरों में विप्रो, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, टाटा स्टील, बजाज फिनसर्व और मारुति शामिल हैं।