Share Market: भले ही हिंदुस्तान के शेयर बाजार में बीते कुछ समय से भारी गिरावट आई हो, लेकिन अब बाजार एक बार फिर से गुलजार हो गया है, शेयर बाजार में फिर रौनक छा गई है। सेंसेक्स और निफ्टी बीते लगातार 6 दिनों से तेजी के साथ कारोबार कर रहे हैं। भारतीय बाजारों की मजबूती को देखते हुए एक्सचेंज डेटा से दिलचस्प जानकारी मिली है। इस डेटा के अनुसार विश्व में सबसे तेजी से बढ़ रहा भारतीय शेयर बाजार, दुनिया के बड़े स्टॉक्स मार्केट्स को पछाड़ा रहा है |
दुनिया के दस सबसे बड़े शेयर बाजारों में मार्च में भारतीय शेयर बाजार ने सबसे अधिक 9.4 फीसदी (डॉलर में) का रिटर्न दिया है। यह जानकारी लेटेस्ट एक्सचेंज डेटा से मिली। पांच महीनों की लगातार मंदी के बाद बीते चार सालों में यह सबसे बड़ी रैली है। एक्सचेंज डेटा के मुताबिक, बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) में सूचीबद्ध सभी कंपनियों का कुल बाजार पूंजीकरण फरवरी के अंत में लगभग 4.39 ट्रिलियन $ से बढ़कर लगभग 4.8 ट्रिलियन $ हो गया।
यह मई 2021 के बाद सबसे बड़ा मासिक उछाल है. हिंदुस्तान ने अन्य प्रमुख बाजारों से बेहतर प्रदर्शन किया। हिंदुस्तान के बाद जर्मनी में सबसे अधिक 5.64 फीसदी की वृद्धि हुई। इस तेजी के कारण जर्मनी के शेयर बाजार का पूंजीकरण बढ़कर 2.81 ट्रिलियन $ हो गया है। जापान और हांगकांग के शेयर बाजार में क्रमशः 4.9 फीसदी और 4 फीसदी की वृद्धि हुई. वहीं, फ्रांस, यूनाइटेड किंगडम और कनाडा के शेयर बाजारों में हल्की वृद्धि दर्ज की गई।
दूसरी ओर, दुनिया के सबसे बड़े शेयर बाजार में यूएस में 3.7 फीसदी की गिरावट हुई है। वहीं, सऊदी अरब के शेयर बाजार में 4.4 फीसदी की गिरावट आई है। भारतीय शेयर बाजार में मार्च में निफ्टी और सेंसेक्स में 5 फीसदी से अधिक की तेजी देखी गई है। इस दौरान बीएसई मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स क्रमश: 8.4 फीसदी और 9.8 फीसदी का रिटर्न दे चुके हैं।
भारतीय शेयर बाजार में खरीदारी की वजह शॉट कवरिंग और आरबीआई द्वारा मई में संभावित ब्याज दरों में कटौती को बताया जा रहा है। अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा यह संकेत दिए जाने के बाद कि वह 2025 में दो बार ब्याज दरें कम कर सकता है, निवेशकों के सेंटीमेंट में भी सुधार हुआ है। हिंदुस्तान में भी खुदरा महंगाई रेट फरवरी में सात महीनों के निचले स्तर 3.61 फीसदी पर रही, जो कि अर्थव्यवस्था के लिए सकारात्मक संकेत है और इससे वृद्धि रेट को बढ़ावा मिलेगा।