नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का खेल जारी है, जिसका फैन्स जमकर लुत्फ उठा रहे हैं। इस सीजन में अब तक 41 मैच खेले जा चुके हैं जिसमें फैन्स को कई आखिरी ओवर के थ्रिलिंग मैच देखने को मिले तो कुछ ऐसे मैच भी रहे जिसमें आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर टीमों ने जीत हासिल की। हालांकि इस दौरान अंपायरिंग के दर्जे को लेकर लगातार सवाल खड़े होते नजर आये हैं, जिसके चलते मैदान के अंदर और बाहर विवाद भी देखने को मिला है।
इस फेहरिस्त में सबसे ताजा मामला दिल्ली कैपिटल्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेला गया मैच रहा जिसमें दिल्ली की टीम का खेमा अंपायरिंग के फैसलों से खासा नाराज नजर आया और मैच के दौरान अंपायर के एक फैसले से नाराज कप्तान ऋषभ पंत ने अपनी टीम को मैदान छोड़कर वापस आने का इशारा भी कर दिया।