नई दिल्ली, 11 मार्च: पाकिस्तान ने गुरुवार को भारत पर आरोप लगाया था कि, 9 मार्च को भारत की तरफ से एक ‘सुपरसोनिक प्रोजेक्टाइल’ फायर किया गया था। पाकिस्तान ने आशंका जताई थी कि ये एक सुपरसोनिक मिसाइल थी जो हरियाणा के सिरसा से दागी गई थी। पाकिस्तान के इन आरोपों को रक्षा मंत्रालय ने गंभीरता से लेते हुए इसकी हाईलेवल की जांच के आदेश दिए हैं। इसके साथ ही भारत ने इस घटना पर खेद जताया है।
रक्षा मंत्रालय ने पाकिस्तान में में मिसाइल गिरने पर अपनी आधिकारिक प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “तकनीकी खामी के कारण ये हादसा हुआ है और उसने घटना को लेकर गहरा खेद जताया है। पाकिस्तान ने इस मामले में भारत के दूतावास प्रभारी को समन किया था और ‘उड़ने वाली भारतीय सुपरसोनिक वस्तु’ के जरिये हवाई क्षेत्र का बिना उकसावे के उल्लंघन करने पर कड़ा विरोध दर्ज कराया था।
पाकिस्तान के विदेश विभाग ने कहा, भारतीय राजनयिक को ‘उड़ने वाली भारतीय सुपरसोनिक वस्तु’ के जरिये हवाई क्षेत्र के कथित उल्लंघन के बारे में सूचना दी गई है। पाकिस्तान की ओर से कहा गया है कि, 124 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से भारत की तरफ से आ रहा ऑब्जेक्ट पाकिस्तान के खानेवाल जिले में जा गिरा। यह वस्तु भारत में सूरतगढ़ से नौ मार्च को शाम छह बजकर 43 मिनट पर पाकिस्तान में घुसी थी। यह मिसाइल पाकिस्तान में पंजाब प्रांत के मियां चुन्नु शहर में उसी दिन शाम 6 बजकर 50 मिनट पर जमीन पर गिरी, जिससे असैन्य संपत्ति को नुकसान पहुंचा।