India vs England: टीम इण्डिया की जीत की उम्मीदों पर अंग्रेजों ने पानी फेर दिया है. पहले दो मैच भारतीय टीम ने बहुत बढ़िया ढंग से जीता था, लेकिन तीसरे मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा. हालांकि कप्तान सूर्यकुमार यादव ने तीसरे मैच में भी टॉस जीता और अपनी पसंद के हिसाब से इस बार भी गेंदबाजी का निर्णय किया. हिंदुस्तान के सामने कोई बड़ा लक्ष्य भी नहीं था, इसके बाद भी भारतीय टीम की बल्लेबाजी बुरी तरह से लड़खड़ा गई. अब चौथा मुकाबला पुणे में खेला जाना है. लेकिन पुणे में जीत दर्ज कर पाना इतना आसान नहीं होगा. अभी तक के जो आंकड़े हैं, वो तो कुछ इसी ओर इशारा कर रहे हैं.
पुणे में अब तक खेले गए हैं चार टी20 इंटरनेशनल मुकाबले
महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन के पुणे स्टेडियम पर अभी तक सिर्फ़ चार ही टी20 इंटरनेशनल मुकाबले हुए हैं. इसमें से दो मैच टीम इण्डिया जीती है और दो में उसे हार का सामना करना पड़ा है. पहली बार यहां पर वर्ष 2012 में टी20 इंटरनेशनल मैच हुआ था. तब भारतीय टीम के सामने इंग्लैंड ही थी. हिंदुस्तान ने इस मैच को पांच विकेट से अपने नाम किया था. लेकिन वर्ष 2016 में जब यहां पर हिंदुस्तान और श्रीलंक के बीच मुकाबला हुआ तो वहां भारतीय टीम पांच विकेट से हार गई. वर्ष 2020 में फिर से हिंदुस्तान और श्रीलंका के बीच मैच हुआ, उसे हिंदुस्तान ने 78 रन से जीता था, लेकिन वर्ष 2023 में श्रीलंका की टीम ने हिंदुस्तान को 16 रन से हरा दिया.
भारत के लिए बहुत लकी नहीं है पुणे क्रिकेट स्टेडियम
पुणे के मैदान को हिंदुस्तान के लिए लकी तो नहीं बोला जा सकता. हालांकि जीत और हार का फीसदी 50 का है. इंग्लैंड से भारतीय टीम यहां पर एक मैच खेल चुकी है और उसमें भारतीय टीम ने जीत दर्ज की है, ये उसके लिए लाभ की बात हो सकती है. ये भी ध्यान रखना होगा कि इंग्लैंड की टीम एक मैच में जीत का स्वाद चख चुकी है, ऐसे में टीम और भी अधिक घातक हो जाती है. यानी टीम इण्डिया के लिए आगे की राह इतनी आसान नहीं होने वाली जैसी कि मानी जा रही है.
भारतीय टीम ने गवां दिया सीरीज जीत का सुनहरा मौका
टीम इण्डिया के पास सुनहरा मौका था कि तीसरा मैच भी जीतकर सीरीज पर कब्जा किया जाता और उसके बाद दो मैच बचे रहते, जिनके लिए अलग से रणनीति बनाई जाती. तीसरे मैच में इंग्लैंड की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ़ 171 रन बनाए थे. यानी हिंदुस्तान को जीत के लिए 172 रनों की दरकार थी. लेकिन टीम इण्डिया इस हल्की लक्ष्य को भी हासिल नहीं कर पाई और सिर्फ़ 145 रन ही बना सकी. इंग्लैंड ने इस मुकाबले को 26 रन से अपने नाम कर वापसी कर ली है. अब चौथा मैच और भी अधिक अहम हो चुका है.