230
कोलकाता कलकत्ता हाईकोर्ट ने सोमवार को पुलिस को संदेशखालि में यौन उत्पीड़न और भूमि हड़पने के आरोपी टीएमसी नेता शाहजहां शेख को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया, जिसके बाद राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस ने कहा कि वह दोषियों को नहीं बचा रही है और उसे सात दिन के भीतर गिरफ्तार कर लिया जाएगा. मुख्य न्यायाधीश टी एस शिवगणनम के नेतृत्व वाली एक खंडपीठ ने राज्य की ममता बनर्जी सरकार को फटकार लगाते हुए कहा कि यह जानकर आश्चर्य हुआ कि ‘‘42 मामलों के आरोपपत्र में तब्दील होने में चार साल लग गए.’’
हाईकोर्ट ने निर्देश दिया कि शाहजहां शेख, प्रवर्तन निदेशालय, केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो, पुलिस अधीक्षक, राज्य के गृह सचिव को महिलाओं के यौन उत्पीड़न और आदिवासियों की जमीन हड़पने के आरोपों पर स्वत: संज्ञान लेकर शुरू किये गए मामले में पक्षकार बनाया जाए. अदालत ने निर्देश दिया, ‘इसलिए, उक्त व्यक्ति को संबंधित पुलिस अधिकारियों द्वारा गिरफ्तार किया जाए.’