सेव और टमाटर की मिक्स सब्जी को पसंद करने वालों की कमी नहीं है। वैसे तो सेव का उपयोग अक्सर फूड डिश का जायका बढ़ाने के लिए किया जाता है, लेकिन सेव-टमाटर को मिलाकर जब सब्जी तैयार की जाती है तो खाने वाले उंगलियां चाटते रह जाते हैं। होटल में बनने वाली सेव-टमाटर की सब्जी को पसंद करने वाले लोगों की भी कमी नहीं है। आप भी यदि सेव-टमाटर की सब्जी को खाना पसंद करते हैं और होटल जैसा स्वाद ही घर पर हासिल करना चाहते हैं तो हमारी बताई रेसिपी आपके काफी काम आ सकती है।
सेव-टमाटर की सब्जी काफी स्वादिष्ट होती है और बड़ों के साथ बच्चे भी इसे काफी चाव से खाते हैं। आप लंच या डिनर में सेव-टमाटर की सब्जी को बना सकते हैं। इस सब्जी को बनाने के लिए टमाटर और सेव के साथ कुछ मसालों का उपयोग किया जाता है। आइए जानते हैं सेव-टमाटर की सब्जी बनाने की सिंपल रेसिपी।
इसे भी पढ़ें:
सेव-टमाटर सब्जी बनाने की सामग्री
सेव – 1 कटोरी
टमाटर – 2
टमाटर प्यूरी – 1/2 कटोरी
अदरक-लहसुन पेस्ट – 1 टी स्पून
दही – 2 टी स्पून
हरी मिर्च कटी – 1 टी स्पून
हरा धनिया कटा – 2 टेबलस्पून
लाल मिर्च पाउडर – 2 टी स्पून
धनिया पाउडर – 1 टी स्पून
जीरा पाउडर – 1/2 टी स्पून
हल्दी – 1/2 टी स्पून
राई – 1/2 टी स्पून
गरम मसाला – 1/2 टी स्पून
कसूरी मेथी – 1 टी स्पून
साबुत जीरा – 1/2 टी स्पून
हींग – 1 चुटकी
तेल – 2 टेबलस्पून
नमक – स्वादानुसार
सेव-टमाटर सब्जी बनाने की विधि
सेव और टमाटर की स्वादिष्ट मिक्स सब्जी बनाने के लिए सबसे पहले हरी मिर्च और हरा धनिया बारीक काटकर एक बाउल में रख दें। अब टमाटर को धोएं और सूती कपड़े से पोछकर उसे भी बारीक टुकड़ों में काट लें। अब एक बाउल में लाल मिर्च पाउडर, धनिया और जीरा पाउडर, हल्दी डालकर सभी मसालों को अच्छी तरह से मिला लें। इसमें 2 टी स्पून पानी डालें और मसालों का गाढ़ा पेस्ट तैयार कर लें।
अब एक कड़ाही में 2 टेबलस्पून ऑयल डालें और उसे गर्म करने के लिए रखे दें। ऑयल जब गर्म हो जाए तो फ्लेम को मीडियम पर करें और उसमें राई और जीरा डालकर भूनें। कुछ सेकंड बाद इसमें हींग डाल दें। इसके बाद कड़ाही में मसाले वाला पेस्ट डालकर बड़ी चम्मच से चलाते हुए भूनें। कुछ देर बाद कड़ाही में बारीक कटे टमाटर और स्वादानुसार नमक डालकर नरम होने तक पकाएं। टमाटर नरम होने के बाद इसमें टोमेटो प्यूरी डालें और मिला दें।जब मिश्रण अच्छी तरह से मिक्स हो जाए तो ग्रेवी को 1 मिनट तक पकाने के बाद इसमें दही डाल दें और 2 मिनट तक और भूनें। जब ग्रेवी ऑयल छोड़ने लगे तो इसमें कसूरी मेथी, गरम मसाला और आधा कप पानी डाल दें। जब ग्रेवी में उबाल आना प्रारम्भ हो जाए और ग्रेवी ऑयल छोड़ दे तो इसमें सेव डालकर अच्छे से मिला दें। अब कड़ाही को ढक दें और सब्जी को पकने दें। कुछ देर बाद सेव जब हल्के नरम हो जाएं तो गैस बंद कर दें। स्वादिष्ट सेव-टमाटर की सब्जी बनकर तैयार है। हरी धनिया पत्ती से सजाकर सब्जी सर्व करें