नई दिल्ली, जुलाई 02। एजबेस्टन टेस्ट में टीम इंडिया के कप्तान जसप्रीत बुमराह ने अपने बल्लेबाजी से सभी का दिल जीत लिया है। जी हां, मैच के दूसरे दिन जसप्रीत बुमराह 10वें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए और उन्होंने 16 गेंदों में 31 रन की पारी खेल डाली। आपको जानकार हैरानी होगी कि बुमराह ने स्टुअर्ट ब्रॉड के एक ओवर में 35 रन ठोक दिए। बुमराह की इस पारी को देख ड्रेसिंग रूम में कोच राहुल द्रविड़ और विराट कोहली भी हैरान रह गए। वहीं सोशल मीडिया पर बुमराह की पारी को लेकर तमाम दिग्गज क्रिकेटरों की प्रतिक्रियाएं आ रही हैं।
बुमराह की पारी पर सचिन ने क्या कहा?
क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर ने बुमराह की बैटिंग को लेकर कहा है कि क्या यह युवराज है या बुमराह आज तो 2007 की याद दिला दी। आपको बता दें कि सचिन तेंदुलकर को साल 2007 इसलिए याद आ गया, क्योंकि 2007 टी20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड के खिलाफ युवराज सिंह ने स्टुअर्ट ब्रॉड के ही एक ओवर में 6 छक्के मारे थे। टी20 में वो ओवर अब तक का सबसे महंगा ओवर था और आज बुमराह की पिटाई के बाद ब्रॉड का ही यह ओवर टेस्ट क्रिकेट में सबसे महंगा ओवर हो गया है।