लॉस एंजिलिस: अमेरिका के लॉस एंजिलिस शहर और उसके आसपास लगी भयंकर आग में बिली क्रिस्टल, मैंडी मूर और पेरिस हिल्टन समेत विभिन्न शख़्सियतों के मकान जलकर राख हो गए हैं. कैलिफोर्निया के दमकल कर्मी तेज हवाओं के कारण क्षेत्र में दूर-दूर तक फैल रही आग को बुझाने में जुटे हुए हैं. आग की चपेट में आने से कई मकान तबाह हो गए हैं और सड़कें जाम हो गई हैं. हजारों लोग सुरक्षित स्थानों की ओर जा रहे हैं.
कब लगी थी आग
आग मंगलवार रात में लगी थी जिस पर अब तक काबू नहीं पाया जा सका. पांच लोगों की मृत्यु हो गई है साथ ही एक लाख से अधिक लोगों को दूसरे स्थानों पर जाने का आदेश दिया गया है. आग मंगलवार रात हॉलीवुड बाउल के पास और हॉलीवुड वॉक ऑफ फेम से कुछ ही दूरी पर लगी थी.
कई सितारों के घर हुए तबाह
जंगल में लगी भयंकर आग के कारण कई सितारों के घर तबाह हो गए हैं. मूर का पासाडेना के पास अल्ताडेना क्षेत्र में स्थित घर आग में जलकर राख हो गया. अभिनेत्री-गायिका ने ‘इंस्टाग्राम’ पर एक पोस्ट में लिखा, “ईमानदारी से कहूं तो मैं सदमे में हूं. मेरे बच्चों का विद्यालय भी जलकर तबाह हो गया. हमारे पसंदीदा रेस्तरां जलकर खाक हो गए. बहुत से दोस्तों और प्रियजनों ने भी सब कुछ खो दिया है.”
यह भी जानें
“द प्रिंसेस ब्राइड” और कई अन्य फिल्मों के स्टार एल्वेस ने ‘इंस्टाग्राम’ पर लिखा कि उनका परिवार सुरक्षित है लेकिन आग में पैलिसेड्स स्थित उनका घर जल गया. एल्वेस ने लिखा, “दुख है कि हमने अपना घर खो दिया लेकिन शुक्र है कि हम इस विध्वंसक आग से बच निकले.” इसके अतिरिक्त आग के कारण अदाकारा जेमी ली कर्टिस, अदाकार एडम सैंडलर, बेन एफ्लेक, टॉम हैंक्स और स्टीवन स्पीलबर्ग, जेम्स वुड को भी हानि हुआ है, जिनके घर आग प्रभावित क्षेत्र के निकट स्थित हैं.
रद्द किए गए बड़े समारोह
आग लगने की घटना से लगभग 72 घंटे पहले हॉलीवुड के सबसे बड़े सितारे गोल्डन ग्लोब्स के रेड कार्पेट पर चलने के लिए एकत्र हुए थे. हालांकि, आग लगने के बाद गोल्डन ग्लोब्स पुरस्कार कार्यक्रम का उत्साह भी ठंडा पड़ गया. इसके अतिरिक्त “बैटर मैन” और “द लास्ट शोगर्ल” के प्रीमियर रद्द कर दिए गए हैं. स्क्रीन एक्टर्स गिल्ड अवार्ड्स के नामांकन की घोषणा लाइव कार्यक्रम के बजाय प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से की गई और एएफआई अवार्ड्स जैसे सप्ताहांत के कार्यक्रमों को भी रद्द किया जा चुका है. ऑस्कर नामांकन भी दो दिन के लिए स्थगित कर दिया गया है. अब यह 19 जनवरी को होगा.