एक्टर कार्तिक आर्यन अपने होमटाउन ग्वालियर पहुंच गए हैं. अभिनेता का उनके शहर में ढोल-नगाड़ों के साथ जोरदार स्वागत किया गया है। सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों और वीडियो में अभिनेता के गले में माला है और हाथों में गुलदस्ता है. कार्तिक आर्यन अपनी फिल्म ‘चंदू चैंपियन’ के ट्रेलर लॉन्च के लिए ग्वालियर पहुंचे हैं. इस दौरान अभिनेता के पिता भी उनके साथ नजर आए. इसके अतिरिक्त ‘चंदू चैंपियन’ के डायरेक्टर कबीर खान भी कार्तिक के साथ ग्वालियर पहुंचे हैं.
फिल्म के लिए वजन घटाना
फिल्म ‘चंदू चैंपियन’ के लिए कार्तिक आर्यन ने जबरदस्त बॉडी ट्रांसफॉर्मेशन किया है. एक के बाद एक सामने आए फिल्म के कई पोस्टर्स में अभिनेता की मेहनत देखकर फैंस दंग हैं। निर्देशक कबीर खान ने खुलासा किया है कि फिल्म के लिए कार्तिक ने बिना स्टेरॉयड के अपने शरीर की लगभग 32 फीसदी चर्बी कम की. उन्होंने कहा, ‘चंदू चैंपियन की कहानी बेशक प्रेरणादायक है, लेकिन कार्तिक आर्यन द्वारा चैंपियन बनने के लिए की गई कड़ी मेहनत भी कम प्रेरणादायक नहीं है.
डेढ़ वर्ष में पूरा किया वादा
हाल ही में रिलीज हुए एक पोस्टर में कबीर खान ने कार्तिक की प्रशंसा करते हुए लिखा, ‘जब मैं कार्तिक से मिला तो उन्होंने एक रोल के लिए अपना वजन बढ़ाया था. उनके शरीर में वसा लगभग 39 फीसदी थी. मैंने उनसे कहा, उन्हें एक अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी की किरदार निभानी है. उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, ‘मैं कर लूंगा सर’। फिर करीब डेढ़ वर्ष बाद उन्होंने बिना स्टेरॉयड के यह करिश्मा कर दिखाया और जैसा बोला था वैसा ही किया. फिल्म के प्रति कार्तिक आर्यन की मेहनत को देखकर उनकी खूब प्रशंसा हो रही है
बड़ी संख्या में लोग एयरपोर्ट पहुंचे
कार्तिक आर्यन के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में लोग एयरपोर्ट पहुंचे. वहां उनका ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया गया। अभिनेता के शहर की सड़कें भीड़ से भरी नजर आईं और हर कोई कार्तिक की एक झलक पाने के लिए बेताब था. कार्तिक की ये फिल्म 14 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है.