हारकर जीतने वाले को बाजीगर कहते हैं। लेकिन, जब बात क्रिकेट वर्ल्ड कप की आती है तो जीतकर हार जाने वाले को ‘चोकर्स’ कहते हैं। यहां बात हो रही है दक्षिण अफ्रीकी टीम की, जो वर्ल्ड कप में जबरदस्त प्रदर्शन करने के बावजूद अहम मौके पर हार जाती है। ऐसा ही कुछ इस टीम के साथ ऑस्ट्रेलिया में खेले जा रहे टी20 विश्व कप में भी हुआ। एक बार फिर दक्षिण अफ्रीकी टीम चोकर्स साबित हुई। जिस मैच में उसकी जीत और सेमीफाइनल का टिकट पक्का बताया जा रहा था, उसी मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका की टीम पिट गई। वो भी नीदरलैंड्स जैसी कमजोर टीम से और उसपर लगा चोकर्स का ठप्पा फिर ठीक साबित हुआ।
यह कोई पहला मौका नहीं है, जब दक्षिण अफ्रीका की टीम की साख और वर्ल्ड कप का यात्रा एक मैच से ही समाप्त हो गया। नीदरलैंड्स के विरूद्ध टी20 विश्व कप के मैच में दक्षिण अफ्रीका को 20 ओवर में 159 रन का टारगेट मिला था। लेकिन, अफ्रीकी टीम का दम 145 रन बनाने में ही निकल गया और वो 13 रन से केवल मैच ही नहीं हारी, बल्कि टी20 विश्व कप जीतने का सपना भी टूट गया।