तिरुवनंतपुरम। केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (KPCC) के अध्यक्ष के. सुधाकरन ने कांग्रेस के संकटग्रस्त केंद्रीय नेतृत्व का शनिवार को बचाव किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी तथा केसी वेणुगोपाल ने चुनाव में जीत के लिए अथक प्रयास किए।
सुधाकरन ने उन लोगों की आलोचना की जो पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में पार्टी की हार के लिए शीर्ष नेतृत्व पर निशाना साध रहे हैं। पंजाब, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में पार्टी की हार पर उन्होंने कहा कि हर किसी को सफलता-असफलता की सामूहिक जिम्मेदारी लेनी चाहिए।
पार्टी में बढ़ते असंतोष और विभिन्न सोशल मीडिया मंच के माध्यम से केंद्रीय नेतृत्व को निशाना बनाए जाने के बीच सुधाकरन ने कहा कि चुनावी हार की जिम्मेदारी कुछ लोगों के कंधों पर डालने की प्रवृत्ति स्वीकार नहीं की जा सकती।
केरल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा गांधी परिवार को निशाना बनाने वाले सोशल मीडिया अभियान और वेणुगोपाल के खिलाफ उनके गृह क्षेत्र कन्नूर में एक पोस्टर अभियान के मद्देनजर सुधाकरन ने अपना बयान जारी किया।