दिल्ली के पूर्व सीएम एवं आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के रावण पर दिए बयान को लेकर बीजेपी हमलावर है. आप नेता मनीष सिसोदिया द्वारा केजरीवाल का समर्थन करने को बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने गलत ठहराया. उन्होंने माफी सिसोदिया से माफी की मांग की है.
भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा, केजरीवाल चुनाव के समय चुनावी हिंदू बन जाते हैं, राम जी के समर्थक बन जाते हैं और हनुमान मंदिर में दर्शन करने लगते हैं. इससे लोगों को लगता है केजरीवाल भी भगवान को मानते हैं. लेकिन इस बार मां सरस्वती ने सोचा कि केजरीवाल को सफल नहीं होने देंगे, इसलिए उनका वास्तविक परिचय पता चल गया. गांवों में जो कम पढ़े-लिखे पुराने लोग हैं, उनको भी रामायण की वास्तविक कहानी पता होगी, लेकिन केजरीवाल को नहीं पता. इससे उनकी अज्ञानता का पता चलता है. वह रामचरितमानस पढ़ेंगे, तब पता चलेगा. लेकिन उन्होंने जीवन में कभी पढ़ा ही नहीं है.
मनोज तिवारी ने बोला कि अरविंद केजरीवाल ने माता सीता का घोर अपमान किया है. केजरीवाल के मुताबिक सीता जी ने हिरण के पीछे लक्ष्मण को भेज दिया था, जबकि वास्तव में माता सीता ने राम जी की सुरक्षा के लिए लक्ष्मण को भेजा था. मनीष सिसोदिया भी केजरीवाल का समर्थन कर रहे हैं. वह जल्द से जल्द माफी मांगें और केजरीवाल के बयान की निंदा करें, नहीं तो पूरा सिसोदिया और क्षत्रिय समाज माता सीता का अपमान करने के लिए मनीष सिसोदिया का बहिष्कार करेगा.
भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा, मुझे लगता है कि केजरीवाल और उनके घर में किसी ने पौराणिक कथाएं पढ़ी नहीं हैं. सनातन राष्ट्र की आत्मा और प्राण है. सनातन को लेकर इतनी मामूली टिप्पणी करना सिसोदिया को शोभा नहीं देता. उनके मन और मस्तिष्क में चुनाव बस गया है. वह गलत व्याख्या करके लोगों को भ्रमित करते हैं. उनका डीएनए ही असत्य पर टिका है.