भारतीय टीम इन दिनों बांग्लादेश के विरुद्ध T20I सीरीज खेलने में व्यस्त है. 3 मैचों की T20I सीरीज का दूसरा मुकाबला आज यानी 9 अक्टूबर को खेला जाएगा. इसके बाद सीरीज का तीसरा और अंतिम मैच हैदराबाद में होगा. इस बीच भारतीय घरेलू क्रिकेट का सबसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का आगाज होने जा रहा है. ये टूर्नामेंट है रणजी ट्रॉफी जिसके लिए बंगाल ने अपनी टीम का घोषणा कर दिया है. बंगाल ने 19 सदस्यीय टीम का घोषणा किया है जिसमें आकाश दीप को शामिल किया गया है लेकिन टीम इण्डिया के कद्दावर गेंदबाज का नाम शामिल नहीं हैं. बंगाल ने पहले 2 मैचों के लिए अपनी टीम की घोषणा की है और तीसरे मैच के लिए टीम में कुछ परिवर्तन किए जा सकते हैं.
शमी का टीम में नहीं नाम
बंगाल की टीम से मोहम्मद शमी का नाम गायब है. शमी 19 नवंबर 2023 को वनडे वर्ल्ड कप फाइनल के बाद से क्रिकेट के किसी भी प्रारूप से दूर हैं. भारतीय टीम के आनें वाले ऑस्ट्रेलिया दौरे को देखते हुए इस कद्दावर गेंदबाज के टीम में शामिल होने की आशा थी, लेकिन क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (सीएबी) द्वारा घोषित पहले दो राउंड के लिए शमी को टीम में शामिल नहीं किया गया है. हालांकि, शमी के भाई मोहम्मद कैफ टीम का हिस्सा हैं. रणजी ट्रॉफी का 11 अक्टूबर से आगाज होगा जिसमें बंगाल अपना पहला मैच उत्तप प्रदेश के विरुद्ध लखनऊ में खेलेगी.
साहा की टीम में वापसी
एक अन्य भारतीय तेज गेंदबाज मुकेश कुमार, जिन्होंने घरेलू क्रिकेट में बंगाल का अगुवाई किया है, पहले कुछ राउंड से गायब हैं. हालांकि, उनके हमनाम, हिमाचल प्रदेश के एक लेग स्पिनर, जो 2024-25 संस्करण से पहले बंगाल में शामिल हुए थे, को जोड़ा गया है.सीएबी के साथ अपने मतभेदों को सुलझाने के बाद रिद्धिमान साहा ने पिछले कुछ सीजन त्रिपुरा में बिताने के बाद बंगाल में वापसी की है. साहा ने पहले बंगाल के साथ अपने घरेलू करियर को समाप्त करने की ख़्वाहिश जताई थी. अभिषेक पोरेल बंगाल की टीम में एक और विकेटकीपर-बल्लेबाज हैं.
रणजी ट्रॉफी 2024-25 के लिए बंगाल टीम: अभिषेक पोरेल (विकेटकीपर), सुदीप चटर्जी, अभिमन्यु ईश्वरन, रिद्धिमान साहा (विकेटकीपर), रितिक चटर्जी, शाहबाज अहमद, आकाश दीप, अनुस्तुप मजूमदार (कप्तान), आमिर गनी, सुदीप कुमार घरामी, अविलिन घोष , सूरज सिंधु जयसवाल, मोहम्मद कैफ, मुकेश कुमार, प्रदीप्ता प्रमाणिक, रिशव विवेक, रोहित कुमार, शुवम डे, युधाजीत गुहा.