नई दिल्ली: तीनों कृषि कानूनों के खिलाफ लगभग 3 महीने से आंदोलन कर रहे किसान आज फिर अपनी मांग को लेकर बड़ी हुंकार भरने वाले हैं। किसानों की आज चक्का जाम की योजना है। दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक देशभर में मोदी सरकार के कृषि कानूनों के खिलाफ चक्का जाम किया जाना है। 26 जनवरी को ट्रैक्टर रैली के दौरान दिल्ली में हुई हिंसा के बाद पुलिस प्रशासन अलर्ट है और सिंघु और गाजीपुर बॉर्डर पर सुरक्षा के स्पेशल इंतजाम किए हैं।
पूर्व बीजेपी MLA ने की चक्का जाम की अपील
हरियाणा में बीजेपी छोड़ने वाले फतेहाबाद के पूर्व विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया ने 6 फरवरी के महा चक्का जाम को लेकर आमजन से इसे सफल बनाने की अपील की है। उन्होंने वीडियो बयान जारी कर महाचक्का जाम को सफल बनाने के लिए जन जन से सहयोग मांगा है। पूर्व विधायक बलवान सिंह ने कहा कि चक्का जाम सफल होगा तो केंद्र सरकार कृषि कानून वापस लेने के लिए मजबूर होगी।
टिकरी, सिंघु और गाजीपुर बॉर्डर पर सुरक्षा
चक्का जाम के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने टिकरी, सिंघु और गाजीपुर बॉर्डर पर सुरक्षा बढ़ा दी है। दिल्ली के अंदर भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। दिल्ली के डीसीपी क्राइम चिन्मय बिस्वाल दिल्ली मेट्रो के अधिकारियों को पत्र लिखकर जरूरत पड़ने पर राजीव चौक, केंद्रीय सचिवालय समेत इलाके के 12 मेट्रो स्टेशन शॉर्ट नोटिस पर बंद करने के लिए तैयार रहने को कहा है।